महिला ने प्रेमी संग उजाड़ दिया अपना सुहाग, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल से मिली लाश के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपियों की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, तीन अक्टूबर को कंट्रोल रूम को सूचना मिली, कि मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक युवक की लाश देखी गई है। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के तौर पर हुई। मदन वर्तमान में मंडुवाला, झाझरा में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था।
SSP_देहरादून के दमदार नेतृत्व में #दून_पुलिस ने सुलझायी ब्लाइंड मर्डर की मिस्ट्री,
प्रेमनगर क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का 12 घंटे के अंदर थाना प्रेमनगर पुलिस ने किया खुलासा,
मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर दिया था घटना को अंजाम https://t.co/Y7zpsVKEYq
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) October 4, 2026
मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जाँच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से 23 वर्षीय लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में लल्लन ने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया। हत्यारोपी ने बताया, वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मांडूवाला में सुनील टेलर के यहां किराए पर रहकर मजदूरी का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लल्लन और मृतक की पत्नी के बीच करीब तीन साल से अवैध संबंध थे।
करीब 2 दिन पहले मांडूवाला में तिरुपति मंदिर में मजदूरी का काम करने के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल चेक किया, जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी परिवार व अन्य लोगों को देने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, बदनामी और राज खुलने के डर से लल्लन ने मीना के साथ मिलकर मदन की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद दोनों ने धारदार चाकू से उसके गले पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया। देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
