PM मोदी ने पायलट स्मित मछार से फोन पर बात की (चित्र साभार : डीडी न्यूज)
फ्लाईदुबई के विमान में सवार यात्रियों की जान बचाने वाले भारत के जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मछार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने कैप्टन मछार की बहादुरी की सराहा, जिनके साहस से फ्लाईदुबई के विमान में सवार क्रू सदस्यों समेत 180 लोगों की जान बच सकी थी।
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित से कहा, “पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है। आपके और आपकी सेहत के लिए महामृत्युंजय जाप किया जा रहा है। आपके साहस, सूझ-बूझ और संयम ने कई लोगों की जान बचाई। देश गर्व से कह सकता है, कि भारतीय वे नहीं हैं जो दूसरों की जान लेते हैं, बल्कि वे हैं जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने को तैयार रहते हैं।”
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन मछार से घटना से बारे में पूरी जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित मछार के अनुभव के बारे में जाना और पूछा कि ऐसे मुश्किल हालात में भी उन्होंने कैसे खतरे का सामना किया और हिम्मत बनाए रखी।
An unforgettable conversation with Captain Smit, filled with pride and emotions. pic.twitter.com/CCf46PKOWR
— Narendra Modi (@narendramodi) October 2, 2026
न्यूज एजेंसी PTI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया, कि कैप्टन मछार ने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव के बारे में बताया, कि जब भी मैं मुश्किल में होता हूं, तब मैं हनुमानजी को याद करता हूं और हनुमान चालीसा पढ़ता हूं। उन्होंने पीएम मोदी को बताया, कि उनके मन में बस यही चल रहा था कि किसी भी कीमत पर किसी को मरने नहीं दूंगा।
कैप्टन स्मित मच्छार ने बेहद भावुक स्वर में पीएम मोदी से कहा, कि आप मेरे सबसे बड़े आदर्श हैं। आज आप जिस तरह मेरा हौसला बढ़ा रहे हैं, उस पर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। वहीं स्मित के भावुक होने पर पीएम मोदी ने कहा, कि आपने इतना बड़ा काम किया है कि हर देशवासी और पूरी दुनिया लोग आपको देखने, आपसे बात करने के लिए आतुर हैं।
फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। अस्पताल के दौरे के बाद प्रसार भारती से बात करते हुए राजदूत ने कहा, कि कैप्टन का अच्छा इलाज हो रहा है और भारतीय दूतावास अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया, कि मैं अभी यूएई (UAE) के अस्पताल में उनसे और उनके परिवार से मिला और उनकी हालत ठीक है।
