महिला किडनैपिंग मामला, एक गिरफ्तार,(फोटो साभार: X@DehradunPolice)
सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास महिला का अपहरण करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना रायपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक युवती को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
एसपी देहात जया बलोनी ने प्रेस वार्ता के दौरान घटना का खुलासा करते हुए जानकारी दी, कि कानन कुंज, सहस्रधारा रोड निवासी सुषमा वर्मा ने रायपुर थाने में तहरीर देकर बताया था, कि 23 सितंबर की सुबह लगभग 6:50 बजे नालापानी चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने बीते शनिवार घटना में शामिल 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू निवासी गोविंद विहार, डांडा लखौंड, रायपुर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपित युवती ने बताया, वारदात में शामिल दीपक पासवान से वह पिछले दो साल से परिचित थी। दोनों अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा से हुई। सुषमा के साथ दोनों ने अठूरवाला-भानियावाला स्थित 20 गायों वाली डेयरी को चलाने का सौदा किया।
दोनों को बताया गया, कि डेयरी में 11 गाय है और प्रतिदिन करीब 150 लीटर दूध निकलता है। सौदा 7.50 लाख रुपए में तय हुआ। इसके एवज में 5 लाख रुपए नकद और 2.50 लाख रुपए का चेक दिया गया। डेयरी लेने के बाद दूध का उत्पादन काफी कम हुआ और गायों का दूध सिर्फ 20 लीटर ही निकला।
इसके बाद आरोपितों ने इसका विरोध किया और सुषमा से रकम वापस मांगी, लेकिन रुपये वापस नहीं किये गए। आरोप है, कि पैसों को लेकर लगातार विवाद चलता रहा। इसी विवाद में महिला से रकम वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को डराने के लिए उसे जबरन कार में बैठाने की योजना बनाई थी। इसके लिए कारगी चौक से काले रंग की स्विफ्ट कार किराए पर ली गई। गारंटी के तौर पर अन्नू ने अपनी स्कूटी को रखा था। घटना से पहले अन्नू दीपक के साथ उसके साथियों से मिलने रोशनाबाद हरिद्वार गई।
इसके बाद 23 सितंबर की सुबह आदित्य, लक्की व प्रियांशु के साथ सुषमा को डराने के लिए नालापानी चौक पहुंचे। इस दौरान सुषमा के शोर मचाने और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चारों आरोपित हरिद्वार भाग निकले, जबकि योजना बनाने वाली अन्नू देहरादून में ही रही।
पूछताछ में आरोपित युवती ने बताया, कि डेयरी में लगाई गई रकम को उन्होंने अन्य लोगों से ब्याज पर उठाया था। अन्नू को कर्ज देने वाले भी उस पर रकम वापस करने का लगातार दबाव बना रहे थे। ऐसे में सुषमा ने भी न तो पैसे वापस किये, न ही बेचे हुए दूध के पैसे दिए।
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया, घटना में शामिल फरार आरोपित दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार, सुशांत उर्फ लक्की निवासी देवप्रयाग, आदित्य वशिष्ठ निवासी हरिद्वार और प्रियांशु निवासी मंगलौर फरार चल रहे है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।
