बारावफात जुलूस में भड़काऊ भाषण देने वाले मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@UdhamSNagarPol)
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर आयोजित सभा में कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने मौलाना मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर रात उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कोर्ट में पेश कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को रुद्रपुर में आयोजित बारावफात जुलूस का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब ने मदरसों को बंद करने को लेकर चेतावनी देते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक व भड़काऊ बयान दे रहा था। हालांकि, राष्ट्र ध्वनि वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बारावफात के जुलूस के दौरान मुफ्ती मुजीब ने कथित तौर पर कहा था, “अगर सरकार ने मदरसे बंद किए, तो आप सोच भी नहीं सकते कि मुसलमान क्या हाल करेंगे”। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया और जुलूस की प्रबंधक कमेटी से भी पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, भाषण के दौरान मुफ्ती मुजीब ने मदरसों को बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में देर रात तक मामले की जांच की गई, जिसके बाद पुलिस ने मुफ्ती मुजीब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति का भड़काऊ एवं सांप्रदायिक गतिविधियों के विरुद्ध कड़ा रुख — त्रिशूल चौक पर बारावफात जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का SSP अजय गणपति ने लिया था संज्ञान#UKPoliceStrikeOnCrime #udhamsinghnagarpolice pic.twitter.com/fp4L0tYPMZ
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) August 29, 2026
सीओ रुद्रपुर विभव सैनी के मुताबिक, पूछताछ के बाद मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा।
बता दें, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कहा, कि यह केवल एक मौलाना का बयान नहीं, बल्कि एक ऐसी मानसिकता और विचारधारा है जो संविधान को नहीं मानती और समाज को धमकाती है। उन्होंने कहा, कि देवभूमि उत्तराखंड में किसी को भी कानून हाथ में लेने या धमकी देने की छूट बिल्कुल नहीं दी जाएगी।