प्रेमनगर स्थित पीजी-हॉस्टल में पुलिस की छापेमारी, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
दून पुलिस ने पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्ध छात्रों पर शिकंजा कसने के लिए प्रेमनगर स्थित पीजी-हॉस्टलों में देर रात आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 20 अगस्त की देर रात पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने कई हॉस्टल और पीजी की जांच की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों से वहां रह रहे छात्र-छात्राओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व मे अलग अलग टीमो द्वारा प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित पीजी/हॉस्टल मे की आकस्मिक चैकिंग
पीजी/हॉस्टल में रहने वाले छात्र/छात्राओ को दी स्पष्ट हिदायत,पढाई की आड में हुडदंग नहीं होगा बर्दाश्त, होगी सख्त वैधानिक कार्यवाही pic.twitter.com/kMNzggutrc
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 21, 2026
पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को छात्रों के रात 10 बजे तक हॉस्टल में प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने और आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के साथ ही सभी छात्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को चेतावनी दी, कि यदि कोई छात्र रात में अनावश्यक रूप से घूमता पाया जाता है, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त मिलता है या हॉस्टल में नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित छात्र के साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, दून पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है। साथ ही देहरादून में पढ़ाई के नाम पर हुड़दंग, नशे या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चेकिंग अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने संचालकों को नोटिस जारी किए। उन्हें निर्धारित समयसीमा में कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
गौरतलब है, कि शांत माने जाने वाले दून शहर की सड़को पर अपसी झगड़ों के बाद गोलियां चलने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले कुछ महीनों में रोड रेज और युवकों के आपसी विवाद में फायरिंग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन आपराधिक घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।
बता दें, कि बीते 30 मार्च को जोहड़ी गांव में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत और तीन जुलाई को छह नंबर पुलिया के पास फायरिंग की घटना में दो युवकों के घायल होने की वारदात ने सनसनी मचा दी है। इसके कुछ महीनों बाद अब 20 अगस्त को दो गुटों के बीच हुई फायरिंग ने दूनवासियों की चिंता को बढ़ा दिया है।
शिक्षा की नगरी देहरादून में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं रेखांकित करती है, कि युवाओं के विवाद में हथियारों का इस्तेमाल तेजी से गंभीर रूप ले रहा है। ऐसे में पुलिस के सामने न सिर्फ आरोपियों को पकड़ने, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के खुले इस्तेमाल पर अंकुश लगाने की चुनौती है।
