(फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
कोटद्वार में सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच पौड़ी हाईवे पर सोमवार सुबह हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक हाईवे पर आए गजराज वाहनों के पीछे दौड़ पड़े। इस दौरान हाथी ने तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हाथियों की गतिविधियों का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर हाथियों का झुंड और दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
कोटद्वार में हाथियों के झुंड ने शिक्षकों से भरे टेंपो ट्रैवलर पर हमला कर दिया.
डेढ़ घंटे तक ये हाथी में वाहनों से उठा पटक और तोड़ फोड़ करते रहे.गाड़ी के अंदर रखे समानों को भी निकाल कर फेंक दिया..
शिक्षकों ने समय रहते भाग कर अपनी जान बचाई. pic.twitter.com/jnlHbgblD5— Ruby Arun रूबी अरुण (@arunruby08) August 17, 2026
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के स्टोर के समीप हाथियों का झुंड अचानक हाईवे पर आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया। वाहन में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथियों ने वाहन को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया और वाहन में रखा सामान तहस-नहस कर दिया। हाथियों के अचानक आक्रामक होने से वाहन में सवार शिक्षकों में दहशत फैल गई। इस दौरान हाथियों ने सड़क पर खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचें वनकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और हाथियों को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजने के लिए प्रयास शुरू किए। वहीं हाथियों की मौजूदगी के कारण वाहन चालक आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया, झुंड में शामिल कई शिशु हाथी की मौजूदगी के कारण हाथी अधिक सतर्क और आक्रोशित हो गए। जिसके चलते उन्होंने वाहनों पर हमला कर दिया। वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा। जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया जा सका।
वहीं, हाथियों के इस तरह आबादी और राष्ट्रीय राजमार्गों पर पहुंचने से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा सामने आया है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है, कि हाथियों के झुंड दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी स्थिति में उनके रास्ते को अवरुद्ध करने का कोशिश न करें।
