सनकी युवक ने नदी में उतार दी गाड़ी, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
सोशल मीडिया पर रील बनाकर फेमस होने की ख्वाहिश आजकल कुछ लोगों के सिर पर ऐसे चढ़ कर बोल रही है, कि वो ना जगह देख रहे है और ना ही उस स्थान की मर्यादा। ऐसा ही एक मामला धर्मनगरी हरिद्वार के बजरीवाला इलाके से सामने आया है। जहां कुछ सनकी युवक अपनी थार गाड़ी को गंगा नदी में उतारकर वीडियो बनाने लगे।
जानकारी के अनुसार, रील्स और स्टंट दिखाने की सनक एक युवक को उस वक्त भारी पड़ गई, जब उसने उफनती हुई गंगा नदी में अपनी थार गाड़ी उतारकर उसे पार करने का दुस्साहस कर डाला। गनीमत रही, कि समय रहते पुलिस व SDRF की टीम मौके पर पहुंची। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
🚫 Adventure नहीं, समझदारी चुनिए…
एक गलती आपकी जान पर भारी पड़ सकती है।
🚗🌧️ उफनती नदी स्टंट की जगह नहीं, सुरक्षित दूरी ही सबसे बड़ी समझदारी है।
रोमांच के चक्कर में जोखिम न लें, परिवार आपका सुरक्षित लौटना चाहता है।#UttarakhandPolice #StaySafe #RoadSafety #RiverSafety pic.twitter.com/8QRrCC69PM
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) July 10, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक थार गाड़ी के इंजन की धौंस जमाने के लिए गंगा किनारे गाड़ी को दौड़ा रहे थे, लेकिन इस बीच अचानक गंगा का जल स्तर बढ़ गया। युवकों ने पहले गाड़ी को निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी बढ़ने से हालात नियंत्रण से बाहर हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से थार को रस्सी से बांधकर बहने से रोका गया।
घटना की सूचना मिलने पर कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद मौके पर क्रेन बुलाई गई, जिसकी मदद से गाड़ी को नदी से बाहर निकाला जा सका। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। यह घटना आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल के कैमरे मे कैद कर ली।
कोतवाली पुलिस ने लापरवाही और जान जोखिम में डालने के आरोप में थार गाड़ी को सीज कर दिया। इसके साथ ही आरोपित चालक के विरुद्ध पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया है। पुलिस द्वारा संबंधित युवकों को भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है, कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार लोगों को नदी किनारे और जलधाराओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
