उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का बुधवार (20 मई 2026) को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले भाजपा मुख्यालय में उनके अंतिम दर्शन किए जा रहे है। इसी क्रम में भारत के उप राष्ट्रपति चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन (सीपी राधाकृष्णन) देहरादून पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उप राष्ट्रपति ने परिवारजनों से मुलाकात करते हुए अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, मेजर जनरल बीसी खंडूरी जी को आज देहरादून में उनके घर पर दिल से श्रद्धांजलि दी।”
Paid heartfelt tributes to former Union Minister and former Chief Minister of Uttarakhand, Major General B. C. Khanduri Ji, at his residence in Dehradun today.
He will be remembered as an extraordinary leader, a distinguished soldier and a veteran administrator who devoted his… pic.twitter.com/kbjBA9xE19
— Vice-President of India (@VPIndia) May 20, 2026
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा, “उन्हें एक असाधारण नेता, एक बेहतरीन सैनिक और एक अनुभवी एडमिनिस्ट्रेटर के तौर पर याद किया जाएगा, जिन्होंने अपना जीवन देश और उसके लोगों की सेवा में लगा दिया, जिनका योगदान कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और भारत के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में एक हमेशा रहने वाली विरासत है।”
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास एवं जनसेवा में जो योगदान दिया, उसे यह प्रदेश सदैव याद रखेगा।”
भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) जी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धेय खंडूरी जी ने सेना में रहते हुए माँ भारती की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रहित… pic.twitter.com/n0lqyd8rGI
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) May 20, 2026
बता दें, कि पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि.) ने बीते मंगलवार सुबह 11.10 बजे 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) को एक अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की जांच में उनकी आंतों में रक्तस्राव होने की बात सामने आई थी।
जिसके बाद चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11.10 मिनट पर उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट आया। खंडूरी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें बार-बार अस्पताल आना पड़ रहा था। सही होने के बाद उनको घर भेज दिया जाता था, लेकिन अप्रैल में भर्ती होने के बाद उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया।
बता दें, कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। जिसे देखते हुए प्रदेश के शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूल एवं कार्यालय आज बंद रहेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने इस संबंध में आदेश जारी किये है।
