हरिद्वार पुलिस के हत्थे चढ़ा गौ तस्कर परवेज (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोप है, कि गौ-तस्कर ने कुछ दिनों पहले सड़क पर घूम रहे एक गौवंश को उठाकर अपनी कार में डाला और फिर उसे बेच दिया।
पुलिस ने आरोपी गौ तस्कर के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, नकदी और गौ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कॉर्पियो कार बरामद की है। बताया जा रहा है, कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज है। आरोपी की पहचान परवेज उर्फ अल्लाहदिया निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जयराम मोड़ क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार चालक ने कार को नहीं रोका और तेजी से भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आगे बैरियर लगाकर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान चालक के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
🐄 शातिर गौ तस्कर कोतवाली नगर पुलिस ने दबोचा, अवैध तमंचा-कारतूस व स्कॉर्पियो वाहन बरामद
🚘 गौ तस्करी में इस्तेमाल बिना नम्बर प्लेट की स्कॉर्पियो पुलिस ने की सीज
📍 सप्तसरोवर क्षेत्र से गाय चोरी कर बेचने की घटना का खुलासा pic.twitter.com/yJ3Km92EPS
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) May 17, 2026
आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया, कि वह अपने साथी के साथ आश्रमों और सड़कों से गाय चोरी कर स्कॉर्पियो वाहन से ले जाकर बेचता था। पूछताछ में उसने बीती 13 मई की रात सप्तसरोवर क्षेत्र स्थित गौशाला से गाय चोरी करने की घटना भी कबूल की। परवेज ने बताया, कि गाय बेचने पर मिले रुपयों में उसके हिस्से में आठ हजार रुपये आए थे, जिसमें से 5100 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए है।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया, कि पकड़ी गई बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार गौ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थी, जिसे पुलिस ने तत्काल सीज कर दिया है। उन्होंने कहा, कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
उन्होंने बताया, कि हाल ही में सप्तसरोवर क्षेत्र से गाय चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसका खुलासा इस गिरफ्तारी से हुआ है। वहीं अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
