नकली आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
देश की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सीमांत जिले पिथौरागढ़ में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने गिरोह का पर्दाफाश किया है। उत्तराखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैक डाउन के दौरान ये सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नकली आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के दो युवकों को दबोचा है। इनमें से एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ शहर में संदिग्धों को चिन्हित करने के लिए सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। 23 फरवरी को कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पहचान एप के माध्यम से सत्यापन अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस द्वारा कमलेश कुमार निवासी नौसर गुमटियां, जिला बहराइच (यूपी) की जांच की गई, तो उसके पास फर्जी आधार कार्ड मिला।
🔥 “फर्जी आधार गैंग का पर्दाफाश: पिथौरागढ़ पुलिस की सटीक कार्रवाई”
पहचान एप की जांच में खुला राज
नकली आधार बनाने वाले कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने बहराइच से धर दबोचे”https://t.co/ETUP9Wgbnf@uttarakhandcops@Indian_Analyzer @DIGKUMAUN @CityPithoragarh pic.twitter.com/CGI7SkEWAS— Pithoragarh Police Uttarakhand (@PithoragarhPol) March 29, 2026
संदिग्ध के आधार कार्ड पर उत्पन संदेह पर जब फोटो की बारीकी से जांच की गई, तो उसमें किसी अन्य युवती की तस्वीर नजर आई। इसके बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान एक अन्य संदिग्ध का नाम भी सामने आया। पूछताछ में कमलेश ने बताया, कि वह मजदूरी के लिए उत्तराखंड आ रहा था।
इस दौरान एक शख्स ने उससे 3500 रुपये लेकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और उसी आधार कार्ड पर वो पिथौरागढ़ में मजदूरी कर रहा था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले दुकानदार मनीष गुप्ता को बहराइच से गिरफ्तार कर लिया है। छापेमारी के दौरान उसकी दुकान से कई अन्य लोगों के फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
कोतवाल पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी ने बताया, कि फर्जी आधार कार्ड बरामद होने पर कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 337/340(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी ऑपरेशन क्रैक डाउन के दौरान फर्जी आधार कार्ड के साथ मिला था। आधार कार्ड बनाने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक ललित डंगवाल द्वारा की गई।
