सांकेतिक चित्र
देहरादून स्थित निजी शिक्षण संस्थान में वर्चस्व को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते छात्रों के दो गुटों में हुए विवाद में मुजफ्फरनगर के छात्र की मौत हो गई। मामले में थाना प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली, कि केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया है। कुछ युवकों के बीच आपसी मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उसके साथी इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले गए है। सूचना के बाद थाना प्रेमनगर पुलिस सीएससी प्रेमनगर पहुंची।
घायल युवक 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया था। अस्पताल में एम्बुलेंस खराब होने पर पुलिस द्वारा घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाया गया। साथ ही घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन भी दून अस्पताल पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, दून अस्पताल में घायल युवक की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के संबंध में परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मृतक छात्र उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित भोपा का निवासी था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है, कि दोनों पक्षों के युवक प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहे हैं और कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर उनके बीच पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते 23 मार्च की रात को दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
