मथुरा में गौरक्षक 'फरसा वाले बाबा' की हत्या पर बवाल, (फोटो साभार : NDTV)
धर्मनगरी मथुरा स्थित ब्रज क्षेत्र में गौरक्षा के प्रमुख चेहरे और ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध संत चंद्रशेखर महाराज की गोतस्करों ने बेरहमी से हत्या कर दी। शुक्रवार (20 मार्च 2026) तड़के करीब 4 बजे, जब बाबा अपनी बाइक से गोतस्करों के एक ट्रक का पीछा कर रहे थे, तब तस्करों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गौरक्षक फरसा वाले बाबा की निर्मम हत्या के बाद आक्रोशित हजारों समर्थकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने पथराव कर कई वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
#BREAKING: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा, जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। pic.twitter.com/vikbIVhIpT
— IANS Hindi (@IANSKhabar) March 21, 2026
पुलिस अधिकारियों ने बताया, कि चंद्रशेखर बाबा को गोतस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत अपनी बाइक से संदिग्ध तस्करों का पीछा करने निकल पड़े। बताया जा रहा है, कि जब उन्होंने तस्करों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें कुचलने की नीयत से तेज रफ्तार वाहन उनकी ओर मोड़ दिया और उन्हें रौंदते हुए निकल गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय लोगों ने मौके से भाग रहे एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाइवे पर जाम लगाया, जिसके बाद पुलिस वालों के साथ गौरक्षकों की झड़प भी हुई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है, कि मथुरा में गो तस्करी का मामले दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं, पुलिस गो तस्करी रोक नहीं पा रही है। भीड़ ने जमकर नारेबाजी की और फरार आरोपितों की तुरंत गिरफ्तारी की माँग की। इस बीच हालात इतने बिगड़ गए, कि लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे वाहनों को काफी नुकसान पहुँचा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया, कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई है। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने कहा, कि जो लोग भी इसमें शामिल हैं, किसी को बक्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी के अनुसार, ट्रक (कंटेनर) को जब्त कर लिया गया है। चालक भी हिरासत में है। कंटेनर में फॉर्चून का सामान भरा हुआ था। जिस ट्रक से हादसा हुआ है, वो राजस्थान नंबर का है, गौ तस्करी का कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा, कि बवाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बता दें, कि चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ पूरे ब्रज क्षेत्र में गौरक्षा आंदोलन का सबसे बड़ा नाम थे। वे पिछले कई सालों से अवैध गोतस्करी के खिलाफ अभियान चला रहे थे, जिसके कारण वे तस्करों की आँखों की किरकिरी बने हुए थे। उनकी मौत से न केवल गौरक्षकों में बल्कि आम जनता में भी भारी गुस्सा है। फिलहाल मौके पर भारी भीड़ जमा है।
