देहरादून में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या,(फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल, दून शहर में शुक्रवार (13 फरवरी 2026) की सुबह एक और मर्डर से हड़कंप मच गया। वारदात को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी के पास अंजाम दिया गया है। जहां जिम से बाहर निकलते समय एक शख्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
फायरिंग की सूचना पर एसएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस की ओर से बताया गया है, कि मृतक की पहचान हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था। मृतक देहरादून में प्रॉपर्टी और खनन से जुड़ा काम करता था।
पुलिस के अनुसार, विक्रम शर्मा राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम से बाहर आ रहा था। इसी बीच दो हमलावर पैदल विक्रम के पास पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जबकि उनका तीसरा सहयोगी बाइक पर उनका इंतजार कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश भी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने विक्रम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। बदमाशों ने उसे करीब तीन गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
देहरादून, एसएसपी अजय सिंह ने घटना के संबंध में बताया, कि मृतक विक्रम शर्मा देहरादून में किराये के फ्लैट में रह रहा था। वो अपने साथ हमेशा लाइसेंसी पिस्टल रखता था, लेकिन हमला इतना अचानक हुआ, कि उसे हथियार निकालने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने बताया, कि मृतक हिस्ट्रीशीटर है और उसपर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी देहरादून ने कहा, इस वारदात में पुरानी रंजिश और गैंगवार की आशंका भी है। मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इस संबंध में झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

