CM धामी ने बिजली व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार, 12 फरवरी को सचिवालय सभागार में आयोजित पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सीएम धामी ने विद्युत वितरण लॉस को न्यूनतम करने, विद्युत चोरी सख्ती से रोकने और वितरण लॉस में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश ऊर्जा निगम अधिकारियों को दिए है।
आगामी ग्रीष्मकालीन सीजन को देखते हुए सीएम धामी ने कहा, “यूजेवीएनएल, पिटकुल एवं यूपीसीएल अभी से समस्त तैयारियां सुनिश्चित करें और सभी औपचारिकताओं को मार्च तक पूर्ण कर अप्रैल तक परियोजनाओं के शुभारंभ हेतु प्रस्तुत करें। बैठक में सीएसआर मद में प्राप्त धनराशि के लिए पृथक खाता खोलकर उसका अधिकतम एवं बहु-रचनात्मक उपयोग सुनिश्चित करने को लेकर निर्देशित किया गया।
सचिवालय में पिटकुल से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट और सख़्त निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं को हर हाल में तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और बिजली चोरी पर बिना किसी ढिलाई के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विद्युत वितरण लॉस में किसी भी प्रकार की… pic.twitter.com/NiZ5dKiTit
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 12, 2026
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में एडीबी पोषित उपकेंद्रों से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एडीबी पोषित द्वितीय चरण के अंतर्गत बहादराबाद (हरिद्वार), कोटद्वार (पौड़ी), भिकियासैंण (अल्मोड़ा), कपकोट (बागेश्वर) एवं नंदप्रयाग (चमोली) में भूमि आवंटन एवं स्थानांतरण की प्रक्रिया एक सप्ताह में पूर्ण करने के लिए संबंधित जिला अधिकारियों को निर्देशित किया।
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत शिलान्यास की गई सभी परियोजनाओं को तत्काल प्रभाव से पूर्ण करने हेतु निरंतर निगरानी एवं प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में पिटकुल के प्रबंध निदेशक यू.सी. ध्यानी ने बताया, कि वर्तमान में एशियाई विकास बैंक (ADB) पोषित 220 एवं 120 केवी उप संस्थानों की परियोजनाएं मंगलौर, सेलाकुई, आराघर, खटीमा, धौलाखेड़ा, लोहाघाट एवं सरवरखेड़ा में गतिमान है।
इसके अलावा नॉन-एडीबी पोषित 400, 220 एवं 132 केवी उप संस्थानों की परियोजनाएं पीपलकोटी, घनसाली, बनबसा, रानीहाट, ऋषिकेश, अल्ट्राटेक एवं सिमली में प्रगति पर हैं। बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु व आर.मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज पांडेय, सी रवि शंकर, विनय शंकर पाण्डेय, प्रबंध निदेशक उत्तराखंड जल विद्युत निगम समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

