(फोटो साभार: इंडिया टीवी)
उत्तर कोरिया से बड़ी खबर सामने आने आ रही है। दरअसल, नार्थ कोरिया के शासक किम जोंग उन ने अपने उत्तराधिकारी को लेकर सांकेतिक ऐलान कर दिया है। दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी ने दावा किया है, कि किम जोंग ने अपनी 13 वर्षीय बेटी किम जू ऐ को अपना उत्तराधिकारी बना दिया है। बता दें, कि किम जू ऐ, किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू की इकलौती ज्ञात संतान है।
नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस के मुताबिक, किम जू ए को उत्तराधिकारी के रूप में नामित होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। खुफिया एजेंसी ने दावा किया है, कि किम जोंग का एक बड़ा बेटा भी है, लेकिन उन्होंने इस बेटे को न तो कभी स्वीकार किया है और न ही मीडिया में दिखाया गया। वहीं किम जू ए के बारे में भी बहुत कम जानकारी सार्वजनिक तौर पर मौजूद है।
बता दें, कि किम परिवार कई दशकों से नॉर्थ कोरिया पर सख्त नियंत्रण के साथ शासन कर रहा है। इसी क्रम उत्तराधिकारी के तौर पर जु ऐ को सत्तारूढ़ पार्टी में दूसरे सबसे अहम पद सेंट्रल कमेटी की फर्स्ट सेक्रेटरी बनाए जाने की संभावना है। पिछले कुछ समय में किम जोंग के कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रमों में किम जू ऐ की उपस्थिति से इस धारणा और अधिक बल मिला है।
गौरतलब है, कि उत्तर कोरिया में किम जोंग उन ने अचानक नहीं बल्कि सावधानी से अपनी बेटी किम जू ए को सत्ता की दिशा में बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सितंबर 2025 में जब किम जोंग बीजिंग दौरे पर गए थे, इस दौरान हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में किम जोंग ए अपने पिता के साथ नजर आई थी। बताया जा रहा है, कि यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी।

