मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
शुक्रवार को पीएम मोदी के विशेष कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’- 2026 के नौवें संस्करण का आयोजन हुआ। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आज पूरा देश प्रधानमंत्री जी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ के नौवें संस्करण से जुड़ा है। यह आयोजन अब केवल संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।”
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की प्रेरणा से आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के अंतर्गत सेंट एंग्नेस स्कूल, देहरादून के विद्यार्थियों से संवाद किया।
आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में उत्तराखंड के लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक… pic.twitter.com/sXbhQRDxNS
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 6, 2026
सीएम धामी ने कहा, कि प्रधानमंत्री जी का संदेश हमें यह सिखाता है, कि परीक्षा जीवन की एक कड़ी हो सकती है, लेकिन सम्पूर्ण जीवन नहीं। अपने स्कूली जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा, “स्कूल का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता, इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी निरंतर प्रतिभाग करना चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “परीक्षा एक अवसर है, जिसमें छात्र एक योद्धा की तरह पूरे आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते हैं।” सीएम धामी ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने तथा परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच के साथ सफलता हासिल करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया, कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।
‘परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, समय प्रबंधन, परीक्षा के दबाव और भविष्य को लेकर उनके अनुभवों पर चर्चा भी की। उन्होंने बच्चों को अपनी क्षमता पर भरोसा रखने, नियमित अभ्यास की आदत बनाने और असफलता को सीख के रूप में स्वीकार करने का संदेश दिया।
सीएम धामी ने बताया, राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है, जो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पालाकुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन को प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
गौरतलब है, कि ‘परीक्षा पे चर्चा; 2026 के अंतर्गत देश भर में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूटने जा रहा है। उत्तराखंड राज्य से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक एवं 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े हैं, जबकि गत वर्ष विद्यार्थियों की संख्या 2.98 लाख थी।

