(फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में CBI की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने अज्ञात वीआईपी के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीते सोमवार को टीम जांच के लिए देहरादून और ऋषिकेश पहुंची है, ताकि मामलों के सबूत इकट्ठा किए जा सकें और विस्तृत पूछताछ की जा सके।
बता दें, कि चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में भले ही मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्या समेत तीनों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी हो, लेकिन मामला अभी भी विवादों में बना हुआ है। मामला तब सुर्खियों में आया, जब सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर द्वारा वायरल आडियो और वीडियो में एक VIP का जिक्र किया गया।
जिसके बाद अज्ञात वीआईपी को लेकर सियासत तेज हो गई। इस ऑडियो के वायरल होने के बाद विपक्षी पार्टियों ने मुद्दे को लपक लिया और प्रदेश में राजनीतिक घमासान उग्र हो गया। कांग्रेस ने वीआईपी कंट्रोवर्सी को लेकर पूरे राज्य में प्रदर्शन किया। वहीं अन्य कई संगठन भी मामले में सीबीआई जांच को लेकर सड़क पर उतर गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 जनवरी 2026 को सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसी क्रम में सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने अब इस ‘कथित वीआईपी’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीबीआई की जांच में अब डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग, संपर्क विवरण, वायरल आडियो-वीडियो, गवाह बयान और अन्य दस्तावेजी सबूतों की गहन समीक्षा की जाएगी।
