CM धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता से फोन पर की बात
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बीते दिनों त्रिपुरा के रहने वाले छात्र एंजेल चकमा की हत्या के बाद से मृतक के लिए न्याय की आवाज उठ रही है। इस मामले में अभी तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया चुका है। वहीं, आज सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीड़ित परिवार से फोन पर बात कर दोषियों को कड़ी सजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात कर एंजेल की हत्या पर दु:ख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें अवगत कराया, कि इस मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है, इनाम घोषित करते हुए उसे भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा, कि इस घटना पर वो व्यक्तिगत तौर पर दु:खी हैं। इस स्थिति में परिवार के दु:ख को समझ सकते हैं। उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी सजा दिलाएगी। उन्होंने कहा, कि उत्तराखंड में कभी भी इस तरह का माहौल नहीं रहा है, यहां देश- विदेश के बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं, इसलिए यह घटना हम सबके लिए भी कष्टपूर्ण है। सरकार ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात कर, एंजेल की हत्या पर दु:ख व्यक्त किया और सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने हेतु उन्हें आश्वस्त किया।#JusticeForAngel #Condolences #Dehradun #Uttarakhand#Tripura pic.twitter.com/ipsbip4dcC
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) December 29, 2025
उन्होंने कहा, कि घटना के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी उनकी बात हुई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि प्रदेश सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता के लिए वो त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे, साथ ही उत्तराखंड सरकार भी परिवार की हर संभव सहायता करेगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, देहरादून में त्रिपुरा के दो युवक एंजेल चकमा और उसका भाई माइकल चकमा प्रेमनगर पुलिस स्टेशन एरिया में नंदा चौकी के नजदीक रह रहे थे। 9 दिसंबर की शाम दो छात्र किसी काम से सेलाकुई गए हुए थे। इस दौरान दोनों की कुछ स्थानीय लड़कों और नॉर्थईस्ट के एक दूसरे लड़के से बहस हो गई। देखते ही देखते बहस लड़ाई में तब्दील हो गई।
इस दौरान हमलावरों ने दोनों छात्रों पर चाकू और दूसरी अन्य धारदार चीजों से हमला कर दिया। त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के नंदनगर का रहने वाले छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं और उन्हें जुवेनाइल रिफॉर्म होम भेज दिया गया है। पुलिस एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
