कुख्यात विनय त्यागी को गोली मारने वाले शूटर गिरफ्तार, (फोटो साभार : X@haridwarpolice)
बुधवार को लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर हुए गोलीकांड मामले में हरिद्वार पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने दो शूटरों को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार किया। मोस्ट वांटेड बदमाश विनय त्यागी को गोली मारने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए थे। हमलावरों से वारदात में इस्तेमाल तमंचे भी बरामद किये गए है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपित सन्नी यादव उर्फ शेरा निवासी गुलजारपुर थाना काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) ने पैसों के लेनदेन के विवाद में साथी अजय निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर के साथ विनय त्यागी की हत्या के इरादे से उस पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की है।
SSP हरिद्वार के कुशल नेतृत्व लक्सर में हुई गोलीकांड का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा
💢 दोनों आरोपियों को पुलिस ने खानपुर के जंगलों से धर दबोचा
🚔 पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती में दोनों आरोपी जा चुके हैं जेल
आरोपी सनी लगातार कर रहा था विनय त्यागी की रेकी#laksar #golikand pic.twitter.com/ZoNQxaofjJ
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) December 25, 2025
पुलिस ने दोनों बदमाशों की पहचान हार्डकोर क्रिमिनल के तौर पर की है। सन्नी और अजय का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह काशीपुर में एक डकैती के मामले में जेल जा चुके है। पुलिस ने बताया, कि मुख्य आरोपी सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों के लेन-देन का विवाद है। सन्नी के रकम मांगने पर विनय त्यागी उसकी हत्या करवाने की धमकी दे रहा था।
इसी बात से भड़के सन्नी ने विनय की हत्या की साजिश रची थी। वो काफी समय से विनय त्यागी की रेकी कर रहा था। उसे खबर मिली, कि रुड़की जेल में बंद विनय त्यागी को 24 दिसंबर को लक्सर न्यायालय में पेशी पर लाया जाएगा। इसके बाद सन्नी ने अपने सहयोगी अजय के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया, कि आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई। आरोपी बाइक छोड़कर पैदल फरार हुए थे, इसलिए पुलिस को संदेह था, कि दोनों आसपास ही कहीं छिपे होंगे। गुरुवार को जाल बिछाकर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पीएसी की तीन प्लाटून भी दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थी।
बता दें, कि बीते बुधवार को हरिद्वार की सड़क पर फिल्मों जैसे नजारा देखने को मिला, जब रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट में पेशी पर लाए जा रहे एक कुख्यात अपराधी पर दिनदहाड़े हमला हो गया। पुलिस के वाहन पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस गोलीकांड में विनय त्यागी को दो गोलियां लगी। हमले में दो पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुए।
Haridwar : पेशी पर जा रहे UP के हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग, मुठभेड़ में बदमाश और दो पुलिसकर्मी घायल
विगत कुछ वर्षो में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात अपराधी विनय त्यागी का क्राइम नेटवर्क यूपी के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र तक फैला हुआ है। वो गिरफ्तारी से पहले कई राज्यों में छिपकर पुलिस को चकमा दे रहा था। त्यागी के खिलाफ हत्या, रंगदारी, हथियार तस्करी और अपहरण के करीब 60 आपराधिक मामले दर्ज है।
