
सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: canva.com)
जीवन के पहले प्यार को लोग अक्सर भूल नहीं पाते है। ऐसा माना जाता है, कि प्यार में पड़ने वाले लोग अपने फैसले दिमाग से नहीं बल्कि दिल से लेते है। एक उम्र बीत जाने के बाद भी यह बदलता नहीं है। दरअसल, बिहार के पूर्णिया से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 60 वर्षीय वकील के साथ डॉक्टर की 50 वर्षीय पत्नी अपना घर-बार छोड़कर चली गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूर्णिया जिले के केहाट थाना क्षेत्र के प्रभात कॉलोनी डॉनर चौक निवासी वकील डॉक्टर की पत्नी को लेकर फरार हो गया। इसके बाद पत्नी के लापता होने की सूचना पीड़ित डॉक्टर ने थाने में दी। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को सहरसा जिले से खोज निकाला।
पुलिस ने जब सहरसा जिले के प्रोफेसर कॉलोनी गंगाजला के निवासी वकील संजीव कुमार से पूछताछ की, तो उसने हैरान कर देने वाले खुलासे किये। 60 वर्षीय वकील ने बताया, कि वो और डॉक्टर की पत्नी बचपन से एक-दूसरे से प्यार करते थे। दोनों के बीच स्कूल के जमाने से ही लव अफेयर था, जो वक्त बीतने के साथ-साथ दुनिया की नजरों से छिपकर जारी रहा।
वकील संजीव ने पुलिस को बताया, कि स्कूल के दिनों से शुरू हुआ प्यार जवानी की दहलीज पर पहुंचकर परवान चढ़ता गया। लेकिन, लड़की के परिवारवालों ने हमारे प्यार को स्वीकार नहीं किया और उसकी प्रेमिका की शादी डॉक्टर से करवा दी। हालांकि, इसके बावजूद भी हम दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा।
वही पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया, कि उनकी पत्नी रविवार 11 मई की दोपहर लगभग एक बजे के आस-पास अपना बैग और पर्स लेकर घर से निकली, लेकिन रात के आठ बजे तक वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद जब पत्नी की कहीं कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने केहाट थाने में लिखित आवेदन देकर अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया।
पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को यह भी बताया, कि उनकी पत्नी वकील संजीव कुमार से लगातार फोन पर संपर्क में रहती थी। कई बार जब वह क्लिनिक में व्यस्त रहते थे, तो उनकी पत्नी चोरी-छिपे संजीव से मिलती रहती थी। केहाट थाना प्रभारी उदय कुमार ने मीडिया को बताया, कि जांच के दौरान दोनों को सहरसा से बरामद किया गया।
उन्होंने बताया, कि डॉक्टर की पत्नी का न्यायालय में धारा 183 और 184 के तहत बयान दर्ज कराया जा रहा है। इस मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों पर निर्भर करेगी। बताया जा रहा है, कि डॉक्टर और उनकी पत्नी के तीन बच्चे हैं, दो एमबीबीएस बेटे और एक बेटी है।
गौरतलब है, कि इस घटना ने न सिर्फ सामाजिक नियमों और पारिवारिक रिश्तों में बिगड़ते ताने-बाने की गहराई को उजागर किया, बल्कि यह भी चित्रित किया है, कि परिवार का स्तंभ माने जाने वाले विवाह के रिश्ते में पनपती अनैतिकता कभी-कभी वर्तमान को पूरी तरह बदल सकती है।