देहरादून में कई वाहनों को टक्कर मारकर सब्जी मंडी में घुसी कार, (फोटो साभार: NDTV)
राजधानी देहरादून में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा लगातार चिंता बढ़ा रहा है। ताजा घटना कैंट रोड स्थित सब्जी मंडी में घटित हुई। जहां रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बुधवार रात एक कार कई वाहनों को टक्कर मारते हुए एक सब्जी की दुकान में घुस गई, जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक, महिला कार चालक अचानक कार का संतुलन खो बैठी और मंडी की ओर बढ़ते हुए रास्ते में खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। कार के सब्जी मंडी में घुसने के बाद वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
देहरादून के कैंट रोड पर तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कार कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे स्थित सब्जी की दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में दुकान संचालक को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़… pic.twitter.com/mSl8m05Uko
— AajTak (@aajtak) September 2, 2026
वहीं घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने की कोशिश करते दिखाई दिए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा होने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दुर्घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
थाना कैंट प्रभारी शंकर बिष्ट ने बताया, कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। महिला को हिरासत में लिया गया था। शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों और दुकान के नुकसान का भी आकलन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।