पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी, (फोटो साभार: X@CricketTimesHQ)
महेंद्र सिंह धोनी ने IPL से संन्यास ले लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को उन्हें टीम का मेंटर बनाया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए फ्रेंचाइजी ने कहा है, कि धोनी इस भूमिका में एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। अब माही मैदान पर बल्ला थामे नजर नहीं आएंगे, लेकिन चेन्नई के साथ उनका रिश्ता बरकरार रहेगा।
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने IPL से संन्यास के बाद सोशल मीडिया एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दौर से लेकर अब तक की यात्रा को याद किया है। जिस गाने के साथ उन्होंने वीडियो शेयर किया, उसकी वजह से ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।
दरअसल, ‘मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है।’ इसी के गाने के साथ एक पोस्ट शेयर कर धोनी ने लिखा, “फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया। इसे स्वीकार करने में इससे बेहतर कोई भी गाना नहीं हो सकता है। शायद इसके दो वर्जन इस वजह से बनाए गए थे ताकि मैं गलती कर सकूं और फिर स्वीकार कर सकूं।”
बता दें, कि धोनी ने आईपीएल के पहले सीजन (2008) में इस लीग में कदम रखा था। वह 16 सीजन तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले। मंगलवार को फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही आईपीएल में उनके खिलाड़ी के रूप में करियर पर विराम लग गया।
खिलाड़ी से मेंटर तक का यह सफर सीएसके के लिए एक नए अध्याय का आरंभ है। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स पांच बार 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपील की चैंपियन बनी। वह आईपीएल लीग के सबसे प्रभावशाली कप्तानों और खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं।
क्रिकइंफो के अनुसार, धोनी के नाम IPL में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 235 मैचों में कप्तानी करते हुए 136 में जीत दर्ज की, जबकि 97 मैचों में उन्हें हार मिली। 2 मैच बारिश के कारण रद्द हुए। धोनी IPL इतिहास के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने 100 से अधिक मैचों में जीत हासिल की है।
