तमिलनाडु सरकार शुक्रवार को बजट पेश करेंगी, (फोटो साभार: अमर उजाला)
भाषा विवाद को लेकर तमिलनाडु और केंद्र सरकार के बीच तनाव गहराता जा रहा है। दरअसल, एमके स्टालिन सरकार ने भाषा विवाद को हवा देते हुए राज्य सरकार के बजट 2025-26 से रुपये (₹) का प्रतीक चिह्न हटा दिया है। इसके स्थान पर तमिलनाडु सरकार ने तमिल भाषा का प्रतीक ‘ரூ’ बजट में लगाया है। इसका अर्थ भी ‘रु’ यानी रूपए का लघु रूप है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तमिलनाडु के वित्त मंत्री थंगम थेन्नारसु शुक्रवार को 2025-26 का बजट सदन में पेश करेंगे। बता दें, कि केंद्र सरकार और डीएमके के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार के बीच राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), 2020 में प्रस्तावित त्रिभाषा फॉर्मूला राजनीतिक विवाद का केंद्र बना हुआ है।
स्टालिन सरकार ने एनईपी व त्रिभाषा फॉर्मूले को लागू करने से साफ मना कर दिया है। इस वजह से केंद्र सरकार ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत जारी होने वाली 573 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता रोक दी है। दरअसल, समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिलने वाली फंडिंग प्राप्त करने के लिए राज्यों को एनईपी के दिशा-निर्देशों का पालन करना होता है।
वहीं तमिलनाडु के बजट से भारतीय रुपये (₹) का सिंबल हटाये जाने के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “डीएमके ने राष्ट्रीय प्रतीक की अवहेलना की है।
The DMK Government's State Budget for 2025-26 replaces the Rupee Symbol designed by a Tamilian, which was adopted by the whole of Bharat and incorporated into our Currency.
Thiru Udhay Kumar, who designed the symbol, is the son of a former DMK MLA.
How stupid can you become,… pic.twitter.com/t3ZyaVmxmq
— K.Annamalai (@annamalai_k) March 13, 2025
उन्होंने कहा, कि डीएमके सरकार ने 2025-26 राज्य बजट में रुपये के सिंबल को बदल दिया, जो एक तमिल द्वारा डिजाइन किया गया है। इस डिजाइन को पूरे भारत ने अपनाया और हमारी मुद्रा में शामिल किया। रुपये के प्रतीक को डिजाइन करने वाले थिरु उदय कुमार, डीएमके के पूर्व विधायक के बेटे हैं। आप कितने मूर्ख हो सकते हैं, एमके स्टालिन।”
बता दें, कि भारत में रुपये (₹) का जो प्रतीक चिन्ह है, उसका डिजाइन उदय कुमार धर्मलिंगम ने साल 2010 में तैयार किया था, जो पेशे से एक शिक्षाविद और प्रसिद्ध डिजाइनर है। उनका डिजाइन पांच शॉर्ट लिस्टेड सिंबल में से चुना गया था। धर्मलिंगम के अनुसार, उनका डिजाइन भारतीय तिरंगे पर आधारित है।
