विराट कोहली और शमी शानदार फॉर्म में, भारत ने न्यूजीलैंड को हराया (चित्र साभार: BCCI)
विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी (95) और मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी (5/54) के दम पर भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर विश्व कप में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हुए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने दो ओवर शेष रहते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की।
विराट कोहली ने 104 गेंदों में 95 रन बनाए, वहीं रवींद्र जडेजा ने 43 गेंदों पर 35 रन बनाकर मुकाबले को उसके अंजाम तक पहुंचाया। गौरतलब है, कि मैच के अंत तक विराट कोहली के शतक को लेकर सस्पेंस बना रहा, लेकिन वो आउट हो गए। दरअसल विराट कोहली के पास वनडे में शतकों के मामले में सचिन तेंतुलकर (49 शतक) की बराबरी करने का मौका था, लेकिन वह सिर्फ पांच रनों से चूक गए।
India defeated New Zealand in the Cricket World Cup 2023, showcasing their strong performance and determination, leading to nationwide excitement and pride.#INDvsNZ@imjadeja pic.twitter.com/W6MXMV4lkj
— Rivaba Ravindrasinh Jadeja (@Rivaba4BJP) October 22, 2023
विश्व कप 2023 के अपने पांचवे मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी की बदौलत 19 रनों पर ही न्यूजीलैंड के 2 विकेट गिर गए थे, लेकिन, इसके बाद डेरिल मिशेल और रचिन रवींद्र ने 159 रनों की साझेदारी निभाते हुए न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पंहुचा दिया। रचिन रवींद्र ने 75 रन, जबकि डेरिल मिशेल ने शतक लगाते हुए 130 रन बनाए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स के 23 रनों को छोड़कर न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज कुछ विशेष योगदान नहीं दे पाए।
इस विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे मोहम्मद शमी ने करियर में तीसरी बार और विश्व कप में दूसरी बार पांच विकेट झटके। उन्होंने 10 ओवर में 54 रन देकर कुल 5 विकेट लिए। मोहम्मद शमी को इस मैच में शार्दुल ठाकुर की जगह लाया गया था। वहीं स्पिनर कुलदीप यादव ने 2 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह को एक ही विकेट मिला, लेकिन उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में मात्र 45 रन ही खर्च किए। रवींद्र जडेजा को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने भी 10 ओवर में मात्र 48 रन ही दिए।
इस मैच में हार्दिक पंड्या के स्थान पर सूर्यकुमार यादव को उतारा गया था। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने धुआँधार शुरुआत करते हुए 40 गेंदों में 46 रन बनाए। इसके बाद शुभमन गिल भी 31 गेंदों में 26 रन बना कर चलते बने। श्रेयस अय्यर ने भी 29 गेंदों में 33 रन बना कर अच्छा योगदान दिया। 128 रन पर भारत के 3 विकेट थे, जिसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने अच्छी साझेदारी की। उन्होंने 35 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली।
