सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
हरिद्वार जिले के मंगलौर से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी बुजुर्ग नानी के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे है। इतना ही नहीं बुजुर्ग पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आरोपित ने हत्या करने का प्रयास भी किया। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के मुताबिक, शराब के नशे में धुत युवक ने अपनी ही 95 वर्षीय नानी से दुष्कर्म करने के बाद उनकी गला दबाकर हत्या करने का प्रयास भी किया। बुजुर्ग महिला के अचेत होने और परिजनों के जागने पर आरोपी की घिनौनी करतूत सामने आई, जिसके बाद गुस्साए घरवालों ने उसे जमकर पीटा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बताया जा रहा है, कि आरोपित मूल रूप से हरिद्वार का रहने वाला है, जो लगभग तीन सालों से अपनी नानी के गांव में ही घर के पास किराए पर रह रहा था। आरोप है, कि गुरुवार की रात करीब 12 बजे वह शराब के नशे में नानी के घर पहुंचा। परिवार के लोग अपने कमरों में सो रहे थे, जबकि नानी अलग सो रही थी, तभी वो उनके कमरे में घुस गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित द्वारा दुष्कर्म के दौरान जब नानी ने शोर मचाया, तो उसने उनका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। गला दबाने से नानी बेहोश हो गई। इस बीच शोर सुनकर घर के सदस्यों की नींद खुल गई, जिसके बाद परिजन कमरे में पहुंचे, तो आरोपित की शर्मनाक करतूत देखकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई।
इसके बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी को पकड़ जमकर पीट दिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लिया। पुलिस की उपस्थिति में बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
घटना के संबंध में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का कहना है, कि मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहनता से जांच कर रही है।
