सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: NDTV)
चंपावत जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत सिमल्टा में शुक्रवार देर रात घर में टीवी देख रहे एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस बीच ससुराल से कुछ दिनों के लिए मायके आई हुई बुजुर्ग की बेटी ने गुलदार के हमले से अपने पिता को बचाया और तेंदुए को भी घर के अंदर कैद कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को चंपावत जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर सिमल्टा गांव में 64 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे पुत्र लक्ष्मी दत्त पांडे खाना खाने के बाद घर में टीवी देख रहे थे। इस दौरान एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते-करते उनके घर में घुस गया। तेंदुए ने घर के अंदर ही बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बताया जा रहा है, कि चीख-पुकार सुनकर बुजुर्ग की बेटी किरण पांडे मौके पर पहुंची। इस दौरान किरण ने साहस और बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए के चंगुल से पिता को तो बचाया और साथ ही उसको घर के अंदर ही कैद कर दिया।
सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली। उन्होंने गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया और उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।
गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं इलाके में पिता को गुलदार के हमले से बचाने वाली बहादुर बेटी की चर्चा हो रही है। डाक्टरों के अनुसार घायल की हालत खतरे से बाहर है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के अनुसार, घायल बुजुर्ग को तत्काल चंपावत जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वन विभाग द्वारा पीड़ित को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को किसी भी वन्यजीव के आबादी क्षेत्र के आसपास देखे जाने पर तत्काल सूचित करने की अपील की है।
