प्रतीकात्मक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित दरगाह साबिर पाक से भारतीय वायुसेना में तैनात एक अधिकारी का 27 वर्षीय बेटा लापता हो गया है। दरगाह परिसर से युवक का बैग लावारिस हालत में बरामद हुआ है। उसका मोबाइल फोन भी आ रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुए युवक का लावारिस बैग बरामद कर उसके पिता को सौंप दिया है। सीसीटीवी फुटेज में युवक दरगाह परिसर में बैग रखता दिखाई दिया है। बैग में लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज रखे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी शंकर सिंह भारतीय वायुसेना में मास्टर वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात है और वर्तमान में उनकी तैनाती पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में है। उनका 27 वर्षीय बेटा सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत है।
परिजनों के अनुसार, सत्यम ने करीब डेढ़ महीने पहले ही अपनी नौकरी छोड़ दी थी। वह काफी समय से अपने पिता के संपर्क में भी नहीं था और उनसे बातचीत बंद थी। अचानक उसके इस तरह लापता होने से परिवार के सदस्य बेहद परेशान है।
इस बीच 17 अक्तूबर को पिरान कलियर पुलिस को दरगाह परिसर लावारिस हालत में एक काला बैग मिलने की सूचना प्राप्त हुई। बैग से बरामद दस्तावेजों के आधार पर इसकी सूचना तत्काल युवक के पिता को दी गई थी। इसी क्रम में 18 अक्तूबर को पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी कर बैग पिता को सौंप दिया।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, पिता की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से युवक का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
