रुद्रप्रयाग पुलिस ने हत्याकांड का 72 घंटे में किया खुलासा
रुद्रप्रयाग में बीते शनिवार 7 मार्च को एक होटल में संदिग्ध अवस्था में युवती की लाश बरामद हुई थी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतक युवती के लिव-इन पार्टनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली रुद्रप्रयाग में सात मार्च की रात को लगभग 8 बजे गैलेक्सी होटल से कॉल आया था, कि होटल के एक कमरे में ठहरी युवती अचेत अवस्था में पड़ी है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती की मौत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल के कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। जांच में सामने आया, कि युवती अपने लिव-इन पार्टनर और उसके एक दोस्त के साथ छह मार्च की रात को होटल में रुकी थी। अगले दिन युवती का लिव-इन पार्टनर और उसका दोस्त यह कहकर होटल से निकले थे कि वे थोड़ी देर में वापस लौटेंगे।
रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी सफलता: महिला हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, दो हत्यारोपित गिरफ्तार! 🚨⚖️
जनपद मुख्यालय स्थित गैलेक्सी होटल में हुई महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। pic.twitter.com/84YCMBwaC4
— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) March 11, 2026
पुलिस के अनुसार, युवती के दोस्त 7 मार्च की देर शाम तक जब वापस नहीं लौटे, तो होटल संचालक को शक हुआ और उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान जानकारी सामने आई, कि युवती और उसके साथ आए दोनों युवक हरियाणा के निवासी है। मृतका की पहचान काजल (30 वर्ष) निवासी पीपली जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई।
मृतका के भाई अकबर की तहरीर पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने बीते मंगलवार की शाम दोनों आरोपियों को हरियाणा के पटियाला रोड थाना चीका क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपित अरुण कुमार ने बताया, कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और इसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। 4 मार्च 2026 को वह काजल और अपने दोस्त अक्षय के साथ घूमने के लिए निकला। अंबाला और हरिद्वार होते हुए वे 6 मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे और गैलेक्सी होटल में कमरा लेकर ठहर गए।
पुलिस के अनुसार, सात मार्च की सुबह काजल और अरुण के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा और गाली-गलौज हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि अक्षय ने पहले उसका गला दबाया और बाद में काजल की ही चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार (21 वर्ष) और अक्षय (23 वर्ष) निवासी जिला कैथल हरियाणा के रूपों में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उनके स्थानीय थाना चीका जिला कैथल (हरियाणा) में धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत स्नैचिंग का मुकदमा भी दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।
