ऊर्जा भवन उत्तराखंड
धामी सरकार ने मंगलवार देर शाम यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के एमडी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम द्वारा यूपीसीएल के एमडी पद पर तैनात अनिल कुमार यादव को पदमुक्त कर दिया है।
इसी क्रम में यूजेवीएनएल के एमडी पद पर तैनात संदीप सिंघल को भी उनका कार्यकाल पूरा होने के चलते अवमुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा, यूपीसीएल में निदेशक (परियोजना) पद पर तैनात अजय कुमार अग्रवाल को भी पदमुक्त कर दिया गया है। इस संबंध में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।
प्रमुख सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार को सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें अब कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर अब यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक यमुना वैली प्रथम डाकपत्थर और पिटकुल के प्रभारी निदेशक परिचालन गजेंद्र सिंह बुदियाल को एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) March 17, 2026
इसी तरह, जनवरी 2020 को संदीप सिंघल को प्रबंध निदेशक, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के पद पर तीन वर्ष या फिर 60 साल उम्र होने तक के लिए नियुक्त किया गया था। शासन ने 15 मार्च 2024 को संदीप सिंघल को प्रबंध निदेशक, यूजेवीएनएल के पद पर अधिवर्षता आयु 30 जून 2024 से दो साल के लिए सेवा विस्तार दिया गया था। अब उन्हें भी पदमुक्त कर दिया गया है।
इसी तरह, 02 जनवरी 2024 को यूजेवीएनएल (भागीरथी वैली) के एमडी अजय कुमार सिंह को वर्तमान दायित्वों साथ ही उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड में निदेशक (परिचालन) के पद अग्रिम आदेशों तक अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था।
शासन ने अजय कुमार सिंह को वर्तमान दायित्वों के साथ ही प्रबंध निदेशक, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के पद नियमित चयन होने तक अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इसके लिए अजय कुमार सिंह को कोई अतिरिक्त वेतन या भत्ता नहीं दिया जाएगा।
