पर्वतारोही कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा, (फोटो साभार: NDTV)
उत्तराखंड की बेटी ने इतिहास रच दिया है। मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी और वर्तमान में मुंबई में रह रही 40 वर्षीय पर्वतारोही और धावक कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन (4,892 मीटर) को फतह कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से उत्तराखंड सहित पूरे देश में हर्ष और गर्व का माहौल है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, काविता चंद 12 दिसंबर 2025 को माउंट विंसन के शिखर पर पहुंच गई थी। माउंट विंसन पर चढ़ाई कविता के प्रतिष्ठित सेवन समिट्स लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है, जिसके तहत दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया जाता है। इससे पहले उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस को भी फतह किया था।
माउंट विंसन अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी ऊंचाई करीब 4892 मीटर (16,050 फीट) है। ‘सेवन समिट्स’ (सभी सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियां) में से एक है, जो अत्यधिक ठंड, एकांत और दुर्गम बर्फीले क्षेत्र के लिए जाना जाती है। यहां की भौगोलिक परिस्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है, कि इस स्थान पर तापमान माइनस -50 डिग्री तक चला जाता है।
विश्व की सबसे चुनौतीपूर्ण और कठिन चोटियों में शुमार माउंट विंसन पर अत्यधिक भीषण ठंड, पूर्ण एकांत और अंटार्कटिका के अप्रत्याशित मौसम जैसी कठोर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। पर्वतारोही कविता का यह अभियान बीती तीन दिसंबर को भारत से रवाना होने के साथ शुरू हुआ। चार दिसंबर को चिली के पुंटा एरेनास पहुंची।
इसके बाद कविता ने सात दिसंबर दोपहर को यूनियन ग्लेशियर से आगे के लिए उड़ान भरी। सात दिसंबर को ही कविता लगभग 2,100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित विंसन बेस कैंप पहुंची। कविता ने यूनियन ग्लेशियर से बेस कैंप तक का अंतिम सफर स्की-डिजाइन छोटे विमान से लगभग 40 मिनट में पूरा किया गया, जो अंटार्कटिका अभियानों से जुड़ी जटिल लॉजिस्टिक्स को दिखाता है।
इस अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध हाई-एल्टीट्यूड गाइड मिंग्मा डेविड शेरपा द्वारा किया गया। इस उपलब्धि पर कविता ने कहा, कि माउंट विंसन के शिखर पर तिरंगा फहराना उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। बता दें, कि पर्वतारोहण के साथ-साथ कविता मैराथन धावक भी है। वह दिल्ली और मुंबई हाइरक्स 2025 प्रतियोगिताओं में अपनी आयु वर्ग की विजेता रह चुकी है।

