
चमोली में भीषण सड़क हादसा
चमोली जिले में गुरुवार (23 अक्टूबर 2025) को गोपेश्वर पोखरी रोड पर एक कार खाई में गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दंपती और उनके एक बेटे की मौत हो गई। जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है, कि हादसा इतना भयानक था, कि खाई में गिरते ही कार में आग लग गई थी।
जानकारी के मुताबिक, अरविंद त्रिपाठी का परिवार देहरादून में रहता था। वे देहरादून में सिंचाई विभाग में ईई के पद पर कार्यरत थे। अरविंद त्रिपाठी पत्नी अनिता देवी बेटे अनंत त्रिपाठी (22) और बेटे अम्बुज त्रिपाठी( 25) के साथ पोखरी ब्लॉक के देवखाल गांव आए हुए थे। यहां उनकी पत्नी का मायका है। गुरुवार को परिवार देहरादून वापस लौट रहा था।
इस दौरान गोपेश्वर पोखरी रोड पर कार अचानक अनियंत्रित होकर 200 मीटर खाई में जा गिरी। खाई में गिरने के बाद कार में अचानक आग भी लग गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सड़क हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और SDRF की टीम
घटनास्थल पहुंची और गहरी खाई में उतरकर सभी कार सवार परिवार को ऊपर सड़क पर लेकर आई।
इस हादसे में अरविंद उनकी पत्नी अनिता और बेटे अनंत की जलकर मौत हो गई। वहीं, अम्बुज गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भिजवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।