
भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बने नीरज चोपड़ा,(फोटो साभार : X@ANI)
ओलंपिक पदक विजेता भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बन गए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में नीरज को लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दी गई। यह सम्मान नीरज चोपड़ा की एथलेटिक्स में असाधारण उपलब्धियों और लाखों युवा भारतीयों को प्रेरित करने में उनके योगदान के लिए दिया गया है।
‘द गैजेट ऑफ इंडिया’ (सरकारी सूचना पत्र) के मुताबिक, यह नियुक्ति 16 अप्रैल से प्रभावी हुई। नीरज 26 अगस्त, 2016 को भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर के तौर पर शामिल हुए थे। इसके दो वर्ष पश्चात एथलेटिक्स में अपने उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए नीरज को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया और फिर वर्ष 2021 में उन्हें खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन के लिए खेल रत्न मिला।
#WATCH | Delhi | Olympic medallist javelin thrower Neeraj Chopra conferred the honorary rank of Lieutenant Colonel in the Indian Army, in the presence of Defence Minister Rajnath Singh and COAS General Upendra Dwivedi pic.twitter.com/bjLwuvoSLj
— ANI (@ANI) October 22, 2025
हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव के निवासी 27 वर्षीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने रजत पदक हासिल किया था। नीरज चोपड़ा का लक्ष्य अब अगले साल आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर हैं, जहां उन्हें पाकिस्तान के अरशद नदीम से चुनौती मिल सकती है।
27 वर्षीय भारतीय एथलीट को 2022 में भारतीय सेना द्वारा परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया था। जबकि इसी वर्ष उन्हें भारत के चौथे सबसे बड़े सिविलियन अवॉर्ड पद्म श्री से भी पुरुस्कृत किया गया। बता दें, कि नीरज चोपड़ा से पहले भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को भी 2011 में प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद पद दिया गया था।