(सांकेतिक चित्र) (फोटो साभार: दैनिक जागरण
हिमाचल प्रदेश में माता-पिता द्वारा मोबाइल फोन न दिए जाने से नाराज 13 वर्षीय किशोर की ओर से फांसी लगाकर खुदखुशी करने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। आरएच अस्पताल बिलासपुर से थाना सदर पुलिस को सूचना मिली, कि एक बच्चे को बेसुध अवस्था में जिला अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया, कि सचिन उम्र 13 वर्ष पुत्र सतवीर सिंह निवासी गांव मल्लपुर सिद्धारी डाकघर सयावली माला तहसील बिलारी जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। सचिन अपनी मम्मी से मोबाइल फोन देने की जिद कर रहा था।
बताया जा रहा है, कि सचिन के स्कूल में परीक्षाएं चल रही थी, इसलिए उसकी माता ने पढ़ाई का हवाला देते हुए मोबाइल फोन देने से मना कर दिया। मोबाइल न मिलने से वह नाराज हो गया और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने अपनी माता की साड़ी को कमरे में लगे कुंडे से बांधकर फांसी लगा ली।
काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को शक हुआ। घरवालों ने जब कमरे में जाकर देखा, तो वह फंदे से लटका हुआ था। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर उपचार के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर ले आए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया, कि बच्चे का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद बच्चे ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
