सांकेतिक चित्र
केरलम पुलिस ने एक खौफनाक वारदात का खुलासा किया है। अगस्त 2023 में आठ माह की बच्ची की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी माँ को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपित फरार है। आरोप है, कि बच्ची के रोने से गुस्साए एक व्यक्ति ने मासूम की हत्या कर दी और शव को दलदली इलाके में फेंक दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल दहलाने वाली इस वारदात के लगभग तीन साल बाद पुलिस ने बच्ची की मां मंजू (38) को गिरफ्तार किया है। वह इस मामले में तीसरी आरोपी है। पुलिस के मुताबिक, तिरुवल्ला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पीआर संतोष की अगुवाई वाली टीम ने लंबी जांच के बाद महिला को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त, 2023 की शाम पुलिस को वलंजावट्टम इलाके में घास से ढके एक दलदली इलाके में बच्ची का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम में बच्ची का गला दबाकर हत्या किये जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान पुलिस न हो हत्यारे को ढूंढ पाई, न ही उसके हाथ मामले से जुड़ा कोई सुराग लग पाया।
इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब आरोपित मंजू बिना बच्ची के पलक्कड़ स्थित अपनी कॉलोनी वापस लौटी। चेम्मानाथोडु अनुसूचित जनजाति कॉलोनी की रहने वाली मंजू कॉलोनी प्रमोटर के तौर पर काम करती थी। जब स्थानीय कॉलोनी प्रमोटर ने उससे बच्ची के बारे में पूछा, तो मंजू कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई।
शक होने पर प्रमोटर ने मीनाक्षीपुरम पुलिस को सूचना दी और पूछताछ के दौरान इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 में मंजू अपने पति के साथ विवाद के बाद नन्ही बेटी के साथ अलाप्पुझा चली गई थी।
जब वह कलारकोडे में एक दुकान पर बैठी थी, तो सिवन नाम का एक शख्स उसके पास आया और दोनों की देखभाल करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद मंजू, सिवन के साथ चंगनासेरी चली गई, जहां वे बच्ची के साथ एक दुकान के बरामदे में रहने लगे।
अगस्त 2023 की देर रात सोते समय बच्ची रोने लगी। आरोप है, कि इस मामूली सी बात पर सिवन का पारा चढ़ गया और उसने मासूम का गला दबा कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बच्ची के शव को ठिकाने लगाने के लिए सिवन और मंजू ने उसके छोटे भाई शक्ति को बुलाया।
इसके बाद शक्ति के स्कूटर पर शव ले जाकर वलंजावट्टम के दलदली इलाके में फेंक दिया। पुलिस थाने में पूछताछ के दौरान, मंजू ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने अब हत्यारोपी सिवन और वारदात में शामिल शक्ति की तलाश तेज कर दी है।
