खुद को न्यूज प्लेटफार्म का संचालक बताकर प्रॉपर्टी कारोबारी को झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख की रंगदारी मांगने के वाले कथित पत्रकार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है, आरोपित ने पीड़ित कारोबारी से 50 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में जमा करा लिए थे।
पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्तूबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, कि उनका चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर संपर्क किया और खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताया।
आरोप है, कि कॉल करने वाले शख्स ने पीड़ित को धमकाया, कि उसके पास संपत्ति से संबंधित कुछ खबरें हैं, जिन्हें न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर वह उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में उसने पांच लाख रुपये की मांग की।
खुद को न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का संचालक बताकर अवैध वसूली कर रहे तथाकथित पत्रकार को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्त कोतवाली पटेलनगर का है हिस्ट्रीशीटर, जो स्वयं को न्यूज़ प्लेटफार्म का संचालक बताकर एक व्यक्ति को कर रहा था ब्लैकमेल https://t.co/8dhz7XJAHC
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) October 20, 2026
धमकी से डरकर पीड़ित ने आरोपित द्वारा दिए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद बाकी रकम मांगने पर आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी। पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और रकम जमा करने का प्रमाण भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किये।
शिकायत के आधार पर पटेलनगर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया और उसे आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित की पहचान अनुज अग्रवाल निवासी द्वारिकापुरी, क्लेमेनटाउन, मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
आरोपित पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, अमानत में खयानत, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न आरोपों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।
आरोपित ने डायरी के पन्ने काटकर मोबाइल छुपाने के लिए जगह बनाई थी। इसके जरिये वो लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था। उसके मोबाइल फोन से कई लोगों के वीडियो मिले मिले है। पुलिस अब इन वीडियो की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है, कि मध्य प्रदेश में चार, पंजाब और ओडिशा में एक-एक और गुजरात में भी एक प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी, पटेलनगर कोतवाली नरेश राठौर ने बताया, कि पुलिस बरामद मोबाइल फोन में मिले वीडियो की जांच कर रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है, कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाए गए और क्या उनका इस्तेमाल किसी को धमकाने या ब्लैकमेल करने के लिए किया गया था।
