हॉस्टल में हुई चोरी की पुलिस ने किया खुलासा, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिधौली स्थित दुआ बॉयज हॉस्टल में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को दबोचा है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नशे का आदी है और कर्ज चुकाने के साथ जल्द पैसा कमाने के लालच में उसने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
जानकारी के अनुसार, बिधौली क्षेत्र में अधिवक्ता रजत दुआ का एक हॉस्टल है, जो लंबे समय से बंद पड़ा था। घटना के समय हॉस्टल का केयरटेकर छुट्टी पर था। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने 4 से 7 अक्टूबर के बीच वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों ने दिनदहाड़े गाड़ियां लगाकर हॉस्टल से सामान ढोना शुरू किया।
इस दौरान जब पड़ोसियों ने तोड़फोड़ और सामान ले जाने की वजह पूछी, तो उन्होंने खुद को नया मालिक बताया और अपनी बात को सही ठहराने चोरों ने हॉस्टल की खरीद-फरोख्त का एक फर्जी दस्तावेज भी दिखाया। जिससे मौके पर किसी को शक नहीं हुआ।
#थाना_प्रेमनगर
नशे की लत ले पहुँची सलाखों के पीछे
एसएसपी दून के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध एक्शन मोड में दून पुलिस
हॉस्टल में हुई चोरी की घटना को दून पुलिस ने किया खुलासा
हॉस्टल से सामान चोरी करने वाले 04 शातिर अभियुक्त आये दून पुलिस की गिरफ्त में https://t.co/l104B8BhNv
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) October 12, 2026
इस घटना के बाद जब रजत दुआ हॉस्टल देखने पहुंचे, तो 30 कमरों के इस बड़े हॉस्टल से 70 बेड, 32 गीजर, 35 अलमारियां, दो डीप फ्रीजर और 6 सिलेंडर गायब मिले। साथ ही चोर 20 दरवाजे, सभी खिड़कियों के चैनल और बाथरूम की टोटियां और शावर तक चोरी कर ले गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को हॉस्टल संचालक ने हॉस्टल से लकड़ी के बेड, अलमारी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र की मदद से चोरों की तलाश शुरू की। इस बीच चेकिंग के दौरान पुलिस ने 11 अक्टूबर को कांसवाली रोड, तल्ली कंडोली-बिधौली क्षेत्र में चार आरोपितों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और असलम के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी आदित्य शर्मा ने बताया, कि वह नशे का आदी है और उसने कई लोगों से उधार ले रखा था। कर्ज चुकाने के लिए उसने बिधौली क्षेत्र में बंद पड़े दुआ बॉयज हॉस्टल को निशाना बनाने की योजना बनाई।
आरोपी ने पहले हॉस्टल की रेकी की और अंदर रखे बेड, अलमारियां, गीजर, जिम का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण देखकर चोरी की योजना बनाई। इसके बाद उसने अपने साथियों जोगेंद्र और सचिन को भी योजना में शामिल किया। आरोपियों ने हॉस्टल का ताला तोड़कर सामान चोरी किया और उसे असलम नाम के कबाड़ी को बेच दिया।
जाँच के दौरान चोरी का कुछ सामान एक दूसरे कबाड़ी के पास ले जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस की गिरफ्त में आने से पहले आरोपित बचे हुए चोरी के सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेमनगर थाना प्रभारी गिरीश नेगी के मुताबिक, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद की है। पूछताछ के दौरान घटना में शामिल एक अन्य आरोपित का नाम भी सामने आया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
