(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज वसंत पंचमी के दिन बदल गया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। वहीं राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है। मसूरी में बर्फबारी देख कर पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं।
केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी जैसे इलाकों में बर्फ की फुहारें गिर रही हैं। बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के लिए भारी बर्फबारी का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
श्री केदारनाथ धाम में हो रही है बर्फबारी।#Snowfall#Rudraprayag#Uttarakhand#Weather#Kedarnath pic.twitter.com/KWu2IHqrKn
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) January 23, 2026
शुक्रवार सुबह मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक साबित हुआ और प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के साथ बर्फ की फुहारें देखने को मिली। सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की हल्की फुहारों ने मौसम को सुहावना बना दिया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार 24 और 25 जनवरी को बारिश की सक्रियता थोड़ी कम हो जाएगी। इसके बाद 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड में मौसम बदलेगा। इसका असर 27 और 28 जनवरी को देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों में उत्तराखंड के अधिकांश जिलों के कुछ स्थानों हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिनांक 23.01.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/wrw5yskXtS
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) January 23, 2026
उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है। यहां बारिश और ठंड बढ़ने के कारण लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए। वहीं पहाड़ों की रानी मसूरी के लालटिब्बा क्षेत्र में लंबे समय बाद बर्फबारी देखने को मिलने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।
वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के साथ सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि चकराता क्षेत्र की ऊंचाई वाली पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित अन्य इलाकों में भी साल की पहली बर्फबारी की फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं। बर्फबारी के साथ पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है, कि बीते चार महीनों से राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ था और तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। जिसके चलते दिन में नागरिको को गर्मी का अनुभव होने लगा है। हालांकि, पूरे शीतकाल में बारिश सामान्य से बेहद कम होने के चलते वक्त से पहले ही चिलचिलाती गर्मी की संभावनाएं जताई जा रही है।
