सांकेतिक चित्र
मिडिल ईस्ट में जारी भीषण सैन्य संघर्ष के चलते LPG का संकट भी बढ़ गया है। वहीं कमर्शियल LPG की सप्लाई सीमित होने के चलते होटल इंडस्ट्री को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े हितधारकों की समस्याओं को देखते हुए खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता विभाग सचिव आनंद स्वरूप ने एसओपी जारी कर दी है।
एसओपी के अनुसार, प्रदेश के सभी व्यावसायिक गैस सिलिंडर कनेक्शन धारकों को रोजाना 2650 सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। सिलिंडर वितरण के लिए राज्य की तीन आपूर्तिकर्ता तेल एवं गैस कंपनियों यानि आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल को उनकी वर्तमान बाजार में हिस्सेदारी के अनुसार निर्धारित किया जायेगा।
प्रदेश में व्यावसायिक एल०पी०जी० सिलेन्डर के वितरण हेतु एस०ओ०पी० (SOP) जारी।#Uttarakhand#LPG pic.twitter.com/vs8h8VyspV
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) March 16, 2026
विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया के तहत यह तीनों आपूर्तिकर्ता कंपनियां, कमर्शियल गैस की आपूर्ति करेंगे और इसकी रिपोर्ट संबंधित जिलाधिकारी को भी दी जाएगी। दरअसल, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के आधार पर राज्य में अस्पतालों और शैक्षिक संस्थानाें की मांग के अलावा दैनिक आवश्यकता का 20 फीसदी तक उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
इसको लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समिति और सभी जिलाधिकारियों की बैठक में तमाम व्यवसायों के लिए प्राथमिकता क्षेत्र निर्धारित करने के लिए निर्देशित किया गया था। जिसके चलते अग्रिम आदेशों तक कमर्शियल गैस सिलिंडर के आवंटन के लिए राज्य स्तरीय समिति के परामर्श और राज्य की तीनों गैस वितरण कंपनियों की सहमति पर एसओपी जारी की गई है।
गौरतलब है, कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बीच सरकार ने कमर्शियल LPG की सप्लाई को सीमित कर दिया है। हालांकि, एहतियातन रोकी गई कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू होने से धीरे-धीरे स्थितियां सामान्य होने लगी हैं। होटल, रेस्तरां और सामूहिक रसोइयों को कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
