
सारकोट में 21 साल की प्रियंका बनीं प्रधान, (फोटो साभार: अमर उजाला)
उत्तराखंड पंचायत चुनाव में ग्रामीण इलाकों से कई युवा चेहरे निकलकर सामने आए। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के गैरसैंण की 21 वर्षीय नवर्निवाचित ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को फोन कर बधाई दी। बता दें, कि सीएम धामी ने जिस गांव को गोद ले रखा है, उस गांव के ग्रामीणों ने इस बार गांव की कमान 21 वर्षीय प्रियंका नेगी के हाथों में सौंपी है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श ग्राम सारकोट की प्रधान बनने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार (1 अगस्त 2025) को प्रियंका नेगी से फोन पर बातचीत कर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम धामी ने कहा, कि गांव के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होनें सारकोट के सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सारकोट के ग्रामीणों ने अच्छा चुनाव लड़ा।
सीएम धामी ने कहा, कि आदर्श ग्राम सारकोट को उत्तराखंड के एक मॉडल गांव के रूप में चुना है। उन्होंने कहा, कि जिले के उच्च अधिकारी जल्द गांव का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री ने नवर्निवाचित ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को गांव में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट, चमोली से नवनिर्वाचित प्रधान 21 वर्षीय प्रियंका नेगी को फोन कर दी बधाई। pic.twitter.com/9ES4SZlcKm
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 1, 2025
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि युवाओं का इस पद पर निर्वाचित होना न केवल सशक्त लोकतंत्र को दर्शाता है, बल्कि मातृ शक्ति की शक्ति और युवाओं की क्षमता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा, कि हम साथ मिलकर सारकोट गांव का सर्वांगीण विकास व प्रगति सुनिश्चित करेंगे और आदर्श ग्राम सारकोट की ही तर्ज पर राज्य के अन्य गांवों का भी विकास किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा, कि प्रियंका नेगी, आदर्श ग्राम सारकोट की प्रधान बनी हैं। इसी तरह सामान्य स्थितियों और परिस्थितियों में रहने वाले तमाम युवाओं पर ग्रामीणों ने भरोसा जताया है। ऐसे में इन सभी जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षा है कि वो जनता के लिए काम करें।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि गांव की महिलाओं को आगे बढ़ाए। उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाए। सीएम धामी ने फोन पर बातचीत करते हुए प्रियंका नेगी को देहरादून आकर मुलाकात करने का निमंत्रण भी दिया। बता दें, कि इस पंचायत चुनाव में प्रियंका नेगी सबसे कम उम्र की ग्राम प्रधान बनी हैं।
गैरसैंण ब्लॉक के मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट की कमान अब सबसे कम उम्र की युवती प्रियंका नेगी संभालेंगी। प्रियंका से पहले दो बार उनके पिता भी ग्राम प्रधान रह चुके है। इस बार सारकोट की सीट महिला आरक्षित थी, इसलिए प्रियंका नेगी ने चुनाव लड़ने का फैसला लिया। प्रियंका नेगी ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक किया है, जिसका परिणाम तीन दिन पहले ही आया हैं।