CM योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर हैं। शुक्रवार सुबह सीएम योगी हरिद्वार के भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि मंदिर के लोकार्पण और विग्रह मूर्ति की स्थापना समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।
हरिद्वार कार्यक्रम के बाद यूपी सीएम योगी मुख्यमंत्री धामी के साथ यमकेश्वर हेलीपैड पहुंचे। जहां दोनों मुख्यमंत्रियों का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। यमकेश्वर पहुंचने के बाद दोनों मुख्यमंत्री प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार के माननीय सांसद श्री @tsrawatbjp जी, माननीय कैबिनेट मंत्री @drdhansinghuk जी, माननीय विधायक श्रीमती @RenuBishtYam जी उपस्थित रहे। pic.twitter.com/JWA8FAi44K
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 6, 2026
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सीएम धामी ने इंटर कॉलेज यमकेश्वर में दो मंजिला नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है।”
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने बताया, कि नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा, कि उत्तराखंड सरकार द्वारा बीते चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार शिक्षा के सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के संबंध में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है, कि योगी आदित्यनाथ ने यहीं से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
यमकेश्वर इंटर कॉलेज में सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, कि हम बचपन में पैदल ही यमकेश्वर मेले में आते थे। महादेव के मंदिर पूजा अर्चना करते थे, लेकिन आज यहां पहुंचने के लिए सड़क की सुविधा है। जिससे दर्शन करना सुलभ हो गया है। आज जनता इंटर कॉलेज को नया भवन मिल गया है। हमारे शिक्षा के केंद्र सभ्यता और संस्कृति का भी आधार स्तंभ होते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा, कि विद्यालयों की भूमिका केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन की भी होनी चाहिए।
देवभूमि उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल स्थित यमकेश्वर में इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में… https://t.co/rIqVkBkjHI
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 6, 2026
मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा, कि इसमें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा, कि उत्तराखंड सरकार द्वारा इस दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा, कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्चस्तरीय होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है, कि यमकेश्वर शिव मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। स्थानीय निवासियों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सीएम पुष्कर सिंह धामी के आगमन को लेकर विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निजी कार्यक्रम तहत अपने गृह जनपद पहुंचे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी जाएंगे। जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। जबकि, उनके सुरक्षा के मद्देनजर सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली गई है।

