मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, (फोटो साभार: X@pushkardhami) फाइल चित्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा, कि यह बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने के साथ ही सभी वर्गों के लिए अवसरों को बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा, कि बजट में आर्थिक विकास तेज करने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ-सबका विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा, कि इसमें किसानों, महिलाओं, वंचितों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट न केवल देश की आर्थिक ताकत को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रूप से विकास के अवसर देगा।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के दूरदर्शी नेतृत्व में माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती @nsitharaman जी द्वारा प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट 2025–26 विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
लोकल से ग्लोबल की सोच को आगे बढ़ाते हुए यह बजट… pic.twitter.com/KojVcLnckC
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 1, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ये पूरे देश के साथ ही उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी साबित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा, कि उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया है, जो विकास के लिए जरूरी है। किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और MSME के लिए किए गए बजट प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना है।
सीएम धामी ने कहा, कि बजट में पर्यावरण व ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों का दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा, कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरी तरह सहयोग करेगी।

