13 साल से फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार, (फोटो साभार : X@UdhamSNagarPol)
उधम सिंह नगर पुलिस ने वर्ष 2013 से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी वांछित बदमाश को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। फरार अपराधी पर साल 2013 में घर में घुसकर लूट और जानलेवा हमला करने के आरोप है। पुलिस ने आरोपित शब्बीर को उत्तर प्रदेश के अमरोहा स्थित बस स्टैंड के नजदीक से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, पिछले 13 साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को सितारगंज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 16 फरवरी 2013 को कोतवाली सितारगंज क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने गणेश सिंह के घर में घुसकर पूरे परिवार को डरा-धमका कर बंधक बनाने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
फरार होने से पहले बदमाशों ने महिला पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में थाना सितारगंज में लूट और जानलेवा हमला करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद तनवीर उर्फ राजीव, नफीस, शाकिर और भूरा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का माल बरामद कर जेल भेज दिया था।
🛑 एसएसपी मणिकांत मिश्रा का अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख जारी –वर्ष 2013 से फरार 25000 रू0 का ईनामी बदमाश गिरफ्तार।
लूटपाट करने व सिर पर डंडे से हमला करने के मामले था वांछित।
➡️ मामले से संबंधित 04 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर भेजा जा चुका है जेल।#UKPoliceStrikeOnCrime pic.twitter.com/YIMQpll96x
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) January 19, 2026
इस मामले में आरोपित शब्बीर उर्फ सुहेल फरार चल रहा था। आरोपित न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट जारी होने के बावजूद पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। इसके बाद उसके खिलाफ मफरूरी में आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया और पुलिस मुख्यालय से उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया।
टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार रविवार 18 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर आरोपित शब्बीर को उत्तर प्रदेश के अमरोहा बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। उधम सिंह नगर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर फरार अपराधी की गिरफ्तारी की जानकारी दी है।
