
सुशीला कार्की बनी नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री,(चित्र साभार : X@kathmandupost)
नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रही सुशीला कार्की के नाम पर सहमति बनने के बाद उन्होंने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। बता दें, कि उनके नाम को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री के रूप सुशीला कार्की के चयन का फैसला राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल द्वारा बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। बताया जा रहा है, कि इससे पहले प्रदर्शनकारियों के समूह द्वारा भी सुशीला कार्की के नाम की सिफारिश की गई थी।
नेपाल में केपी शर्मा ओली सरकार के खिलाफ भड़के आंदोलन के बीच उत्पन्न राजनीतिक संकट के दौर में सुशीला कार्की जैसी निष्पक्ष और अनुभवी हस्ती को जिम्मेदारी सौंपना देश को सवैधानिक मांग पर आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#BREAKING: Sushila Karki sworn-in as the first Female Prime Minister of Nepal at Shital Niwas in Kathmandu. She was the first female Chief Justice of Nepal. First Cabinet meeting to dissolve the Nepal Parliament. pic.twitter.com/K9uCRVRT01
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) September 12, 2025
गौरतलब है, कि सुशीला कार्की को 11 जुलाई 2016 को नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। अपने एक वर्षीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने नेपाल के कुछ भ्रष्ट मंत्रियों और प्रभावशाली नौकरशाहों के विरुद्ध निर्णायक फैसले सुनाकर एक निडर न्यायाधीश के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।
बता दें, कि बीते हफ्ते जब नेपाल की ओली सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रतिबंध का ऐलान किया था। इसके बाद हजारों युवा सड़कों पर उतर आए। आंदोलन का दमन करने के लिए पुलिस द्वारा गोली चलाने के बाद पूरे देश में अराजकता फैल गई थी। इसके बाद केपी ओली ने पीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद नई अंतरिम सरकार के गठन की कोशिश शुरू हुई।