पीएम मोदी (चित्र साभार: X_NarendraModi) फाइल फोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता वर्तमान में भी उच्चतम स्तर पर बनी हुई है। दरअसल, इंडिया टुडे–सी वोटर के ताजा ‘मूड ऑफ द नेशन’ (MOTN) सर्वे के मुताबिक, यदि आज की तारीख में लोकसभा चुनाव कराए जाएँ, तो भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र की सत्ता में शानदार वापसी कर सकता है।
इंडिया टुडे-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक, देश के प्रधानमंत्री के रूप में सबसे बेहतर चेहरे के रूप में नरेंद्र मोदी को सबसे अधिक 55 फीसदी लोगों ने पसंद किया। सर्वे के आंकड़ों के आधार पर ये अनुमान जताया गया है, कि यदि जनवरी 2026 में लोकसभा चुनाव कराए जाये, तो NDA गठबंधन को 350 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं।
यह सर्वे 8 दिसंबर 2025 से 21 जनवरी 2026 के बीच किया गया, जिसमें देशभर के 36,265 लोगों को शामिल किया गया। इसमें हर आयु वर्ग, जाति, धर्म और लिंग के लोगों की राय ली गई और सर्वे में लगभग 5% तक मार्जिन ऑफ एरर की संभावना भी बताई गई है। सर्वे के मुताबिक, भाजपा अपने दम पर 287 सीटें जीत सकती है और बहुमत का आँकड़ा पार कर सकती है।
वहीं सर्वे में कांग्रेस पार्टी को 80 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा अन्य दलों के खाते में 176 सीटें जाने की संभावना है। सर्वे के अनुसार, यदि आज चुनाव हो, तो NDA को करीब 47 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है, जबकि इंडिया गठबंधन को 39 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। वहीं अन्य दलों के खाते में 14% वोट जा सकते हैं।
सी-वोटर के सर्वे में देश में अगले प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे बेहतर चेहरे को लेकर भी लोगों से सवाल किये गए। इसमें 55 फीसदी लोगों ने नरेंद्र मोदी को अगला पीएम के रूप में पसंद किया। सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया, कि अब तक का सबसे बेहतर प्रधानमंत्री कौन रहा है ? इस पर 50% लोगों ने नरेंद्र मोदी का नाम लिया, जबकि 12% लोगों ने इंदिरा गाँधी और 12% लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी को सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री बताया।

