सिडकुल पुलिस ने 65 पियक्कड़ों पर कार्रवाई की
हरिद्वार स्थित औद्योगिक केंद्र सिडकुल में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 65 लोगों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, सिडकुल पुलिस को सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों व सड़कों के किनारे बैठकर शराब पीकर हुड़दंग करने और तथा राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने की लगातार शिकायतें मिल रही थी।
पुलिस के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के दृष्टिगत हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में शनिवार रात को थाना सिडकुल पुलिस द्वारा थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
🚔 सार्वजनिक स्थानों पर जाम छलकाने वाले 65 हुड़दंगी दबोचे 🍾❌
👮♂️ महिलाओं पर फब्तियां कसने वालों को चेतावनी, अनुचित कार्य बर्दाश्त नहीं, सीधी कार्रवाई ⚠️
🔍 सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी करने वालों पर सिडकुल पुलिस की सख्त नजर
📄 सभी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई ⚖️ pic.twitter.com/0hK2rIqQ1L
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) March 14, 2026
अभियान के दौरान पुलिस टीम मौके पर बस लेकर पहुंची और शराब की दुकानों के आसपास बैठकर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कुल 65 व्यक्तियों को विभिन्न स्थानों से दबोचा। देर रात जब पुलिस टीम ठेके के आसपास पहुंची, तो शराबियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भागते हुए कई पियक्कड़ों को दबोचा और बस में बैठाया।
सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹16,250 का जुर्माना भी वसूला गया। सभी शराबियों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी गई, कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना अथवा पिलाना कानूनन अपराध है। यदि दोबारा इस प्रकार की गतिविधि पाई गई, तो उनपर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया, कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थी, कि सिडकुल थाना क्षेत्र में शराब की दुकानों, होटल, ढाबों और सड़क किनारे पियक्कड़ लोग रोजाना खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचाते है और सड़क से गुजरने वाली महिलाओं को परेशान करते हैं। अभियान के तहत 65 लोगों को थाने लाकर चालानी कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है, कि हरिद्वार में जगजीतपुर, ज्वालापुर और सिडकुल क्षेत्र स्थित शराब की दुकानों के आसपास बड़ी संख्या लोग खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं, हालांकि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर से वही स्थिति प्रकट हो जाती है।
