देहरादून में सैक्स रैकेट का भंडाफोड़, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
राजधानी देहरादून के कैंट थाने क्षेत्र स्थित बिंदाल इलाके में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित महिला समेत तीन को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन पीड़िताओं का रेस्क्यू भी किया है, जिनसे उनकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी महिला अपने घर से ही ये अनैतिक धंधा संचालित कर रही थी। आरोपी महिला व्हाट्सएप के माध्यम से पीड़िताओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजती थी। इसके बाद फोन पर ग्राहकों से रेट व मिलने का स्थान तय किया जाता था। महिला अपने साथियों के जरिए महिलाओं को ग्राहकों के पास भेजती थी।
पुलिस ने बताया, कि देहरादून एसएसपी को इस तरह की शिकायतें मिल रही थी, जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने बिंदाल क्षेत्र ने एक घर पर छापेमारी की कार्रवाई करते हुए इस गंदे कारोबार का भड़ाफोड़ किया। पुलिस के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) देहरादून और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
छापेमारी की कार्रवाई के तहत सोमवार रात को गांधी नगर रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में अचानक से छापा मारा गया। इस दौरान घर के अंदर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिती में मिले, जिनके पास से अश्लील सामग्री बरामद हुई। मौके से पुलिस टीम ने अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रही एक महिला रानी देवी, आशीष पाण्डे, फूलों खान को गिरफ्तार किया।
सीओ मसूरी जगदीश पंत ने बताया, कि मकान आरोपी रानी देवी का है, जो पिछले कुछ वक्त से आशीष पाण्डे के साथ मिलकर घर में देह व्यापार संचालित कर रही थी। मौके से रेस्क्यू की गई महिलाओं को रानी देवी ने काम दिलाने के बहाने बाहरी राज्यों से देहरादून बुलाया था और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर वह उनसे अनैतिक देह व्यापार करवा रही थी।
पुलिस के अनुसार, रानी देवी व्हाट्सएप के माध्यम से लड़कियों की फोटो ग्राहकों को भेजकर उनसे रेट और लड़कियों को भेजने का समय व स्थान तय करती थी। इसके बाद आरोपी आशीष लड़कियों को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैंट पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
