ब्लॉगर ज्योति अधिकारी अंकिता भंडारी की मां से मिली , (फोटो साभार: Jyoti Adhikari) Instagram
हल्द्वानी की सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर ज्योति अधिकारी एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, ब्लॉगर ज्योति अधिकारी शुक्रवार को पौड़ी पहुंचीं और उन्होंने अंकिता भंडारी के गांव डोभ श्रीकोट जाकर उनके माता-पिता से मुलाकात की। इसकी जानकारी उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से साझा की।
ज्योति अधिकारी ने बताया, कि अंकिता के परिजन पिछले चार वर्षों से न्याय के लिए भटक रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा, कि अंकिता की घटना को लेकर उन्हें गहरा दुख है और वह हर परिस्थिति में अंकिता के परिवार के साथ खड़ी हैं और आज उनसे मिलकर उनका दुख बांटने का प्रयास किया।
ज्योति अधिकारी ने यह भी कहा, कि वह पहले भी अंकिता के परिवार से मिलना चाहती थी, लेकिन कुछ कारणों से यह संभव नहीं हो पाया था। उन्होंने बताया, कि अंकिता की माता सोनी देवी की तबीयत इन दिनों काफी खराब चल रही है। इस कारण परिवार पहले से ही मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है।
बता दें, कि ज्योति अधिकारी इसी साल 7 जनवरी को बुद्ध पार्क में अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच को लेकर आयोजित एक विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुई थी। इसी दौरान का उनका एक वीडियो सामने आया था। यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में वो खुलेआम दरांती लहराते हुए नजर आ रही है।
आरोप है, कि उन्होंने पहाड़ी महिलाओं के लिए कथित रूप से अपशब्द कहे थे, साथ ही लोक देवताओं के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर ज्योति से पूछताछ कर उन्हें हिरासत में ले लिया था। कोर्ट से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। हालांकि जमानत मिलने के बाद 14 जनवरी की शाम वो जेल से बाहर आ गई थी।
गौरतलब है, कि पिछले दिनों पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और उनकी कथित पत्नी उर्मिला सनावर की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हुई थी। उसमें कथित रूप से किसी VIP का जिक्र किया गया था। इस घटनाक्रम के बाद वीआईपी को गिरफ्तार करने की मांग कांग्रेस और अन्य संगठन कर रहे हैं। ऐसे ही एक विरोध-प्रदर्शन के दौरान ज्योति अधिकारी पर विवादित आरोप लगे थे।

