राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कैंची धाम में बाबा नीब करौली के दर्शन किए
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों देवभूमि उत्तराखंड की यात्रा पर है। अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन मंगलवार (4 नवंबर 2025) को राष्ट्रपति ने नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीब करौली महाराज के दर्शन किए। इस दौरान राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
अपने दो दिवसीय नैनीताल प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शक्तिपीठ श्री मां नयना देवी मंदिर पहुंचकर मां नयना देवी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता से राष्ट्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति मुर्मू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मां नैना देवी के दर्शन करने के बाद राष्ट्रपति कैंची धाम पहुंचीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लगभग आधे घंटे से अधिक समय मंदिर में बिताते हुए बाबा का ध्यान लगाया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित रखा गया। राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन से नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
#WATCH नैनीताल (उत्तराखंड): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कैंची धाम मंदिर में बाबा नीम करोली के दर्शन किए। pic.twitter.com/tHSSrKnBD4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 4, 2025
नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीब करौली महाराज के दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने उत्तराखंड को सदियों से ज्ञान और संस्कृति का केंद्र बताया, जो नदियों और वनों की अकूत संपदा से संपन्न है।
राष्ट्रपति ने उत्तराखंड की धरती को वीरों की भूमि कहकर नमन किया। उन्होंने देवभूमि के लोगों के देश की रक्षा में योगदान की सराहना की। उन्होंने समारोह में पदक प्राप्त करने वाले सभी उपाधि धारकों को बधाई दी। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया। इसके बाद राष्ट्रपति दिल्ली के लिए प्रस्थान कर गई।

