
मसूरी आने वाले पर्यटकों को कराना होगा रजिस्ट्रेशन
उत्तराखंड प्रशासन ने मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है। यह फैसला पर्यटक स्थल मसूरी में टूरिस्टों की बढ़ती भीड़ और यातायात की समस्या के मद्देनजर लिया गया है। इस संबंध में प्रशासन द्वारा होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और अन्य ऐसी सुविधाओं के संचालकों को सूचित कर दिया गया है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने एक पंजीकरण पोर्टल भी शुरू किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य पर्यटन विभाग द्वारा मसूरी में पर्यटकों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किए जाने पर कहा, “रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था सभी पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए है। मैं बार-बार यह कहता रहा हूं, कि हमारे लिए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है जिसे ध्यान में रखते हुए सभी तरह के प्रावधान और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।”
#WATCH | देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य पर्यटन विभाग द्वारा मसूरी में पर्यटकों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किए जाने पर कहा, "रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था सभी पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए है। मैं बार-बार यह कहता रहा हूं कि हमारे लिए सुरक्षा सर्वोच्च… pic.twitter.com/Us9fUDNdXT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 1, 2025
राज्य पर्यटन सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने बताया, कि मसूरी आने वाले पर्यटकों को आज एक अगस्त से पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण प्रणाली के कार्यान्वयन के साथ, अब पर्यटकों की संख्या का सटीक मूल्यांकन किया जाएगा और इसके माध्यम से पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा सकता है। ये नया नियम 30 जुलाई से लागू हो गया है।
पर्यटन सचिव ने बताया, “मसूरी में पर्यटकों का आगमन विशेषकर गर्मियों और सर्दियों की छुट्टियों और लंबे वीकेंड के दौरान पीक पर होता है। उन्होंने कहा, कि एनजीटी के आदेश के बाद हम मसूरी की वहन क्षमता का आकलन करने के लिए डेटा एकत्र कर रहे है। इस रजिस्ट्रेशन सिस्टम से हमें ये जानकारी प्राप्त होगी, कि एक वक्त में कितने पर्यटक मसूरी में मौजूद हैं।”
पर्यटन सचिव गर्ब्याल ने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन अभी अनिवार्य नहीं है और इसे प्रारंभिक चरण में लचीला रखा गया है। इसके अलावा होटल अपने गेस्टों के लिए भी रजिस्ट्रेशन कर सकते है। उन्होंने कहा, कि आने वाले समय में राज्य में अन्य पर्यटन स्थलों के लिए एक पंजीकरण प्रणाली को लागू करने के लिए एक योजना है।
जानकारी के अनुसार, मसूरी में किमाड़ी, केंप्टी फॉल और कुठाल गेट पर ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए गए हैं, जो वाहनों की नंबर प्लेट को रिकॉर्ड करेंगे। ये सिस्टम ट्रैफिक प्रबंधन में मदद करेगा। पंजीकरण के लिए पर्यटकों को पोर्टल registrationtouristcare.uk.gov.in पर जाकर लॉग-इन करना होगा। इसमें आधार कार्ड नंबर, वाहन टू-व्हीलर या फोर-व्हीलर) का विवरण और अपने शहर का नाम दर्ज करना होगा।