केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी, (चित्र साभार : X@DIPR_UK)
उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम में बीते दो दिनों से बर्फबारी जारी है। भारी बर्फबारी के चलते धाम में तापमान -16 डिग्री के निचले स्तर पर पहुंच गया है। इन विषम और चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बावजूद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान पूरी निष्ठा और साहस के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में जारी बारिश के बाद से केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। हालात ऐसे हैं, कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 4 से 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट और हिमस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
श्री केदारनाथ धाम में लगातार हो रही है बर्फबारी।#SnowFall#WeatherUpdate #Kedarnath#Rudraprayag#Uttarakhand pic.twitter.com/h00kaDzbHS
— DIPR_USNagar (@DIPR_USNagar) January 28, 2026
एसपी अक्षय प्रहलाद ने बताया, विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों का मनोबल पूरी तरह ऊंचा है और केदारनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। कड़ाके की ठंड, तेज बर्फीली हवाओं और भारी हिमपात के बीच जवान मंदिर परिसर और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है, कि केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भी केदारनाथ धाम की सुरक्षा, मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों और सरकारी संपत्तियों की निगरानी की जिम्मेदारी सुरक्षा बल बखूबी निभा रहे हैं। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों जैसे मध्यमहेश्वर घाटी, तुंगनाथ और हरियाली कांठा में भी बर्फबारी और ठंड का प्रकोप बना हुआ है।
मौसम विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों को अलर्ट रहने और जरुरी ना होने पर यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही उच्च क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों को सावधानी बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिको के अनुसार, यह बर्फबारी पर्यटन, जल संरक्षण और खेती-बागवानी के लिए वरदान साबित हो सकती है।

